टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ाव स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का लगातार स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा—निर्देश जारी किये गए।
आज यहां चारधाम यात्रा—2026 को सुरक्षित, सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ाव स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का लगातार स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा—निर्देश जारी किये गए। एसएसपी श्वेता चौबे द्वारा चारधाम यात्रा मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख थाना/चौकी एवं पर्यटन पुलिस केंद्रों का गहन निरीक्षण किया गया उन्होंने पीपल डाली, चौकी दुगड्डा, पर्यटन बूथ मलेथा, चौकी भल्लेगांव, थाना देवप्रयाग, चौकी बछेलीखाल, आपदा राहत/पर्यटन पुलिस चौकी साकनीधार, चौकी ब्यासी, चौकी गूलर, चौकी शिवपुरी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लिया गया। विशेष रूप से मुनिकीरेती क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग को सुदृढ़ करते हुए 60 सीसीटीवी कैमरों एवं 12 आईपी आधारित पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम की स्थापना की गई है। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से क्षेत्र में 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सुरक्षा के साथ—साथ भीड़ नियंत्रण एवं त्वरित सूचना प्रसारण को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे द्वारा निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी यातायात प्रबंधन योजना लागू की जाए। सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। यात्रियों के प्रति शालीन, सहानुभूतिपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। भीड़भाड़ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। सीसीटीवी कैमरों एवं तकनीकी संसाधनों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। आपातकालीन परिस्थितियों हेतु रेस्क्यू टीम, एम्बुलेंस एवं आपदा प्रबंधन इकाइयों के साथ समन्वय बनाए रखा जाए। यात्रा मार्गों पर अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति एवं पर्यटन का महत्वपूर्ण आधार है, जिसमें देश—विदेश से लाखों श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय, संवेदनशीलता एवं सेवा भावना के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सहज एवं सुखद यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके। सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया जाए तथा प्रत्येक स्तर पर सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।




