April 18, 202606 सिलेंडर, इलैक्ट्रानिक कांटा, हैंगिंग वेइंग मशीन जब्त; आवश्वक वस्तु अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने हेतु गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) द्वारा सत्त प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है। जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) द्वारा निरंतर प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्यूआरटी को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सुधोवाला चौक से मांडूवाला मार्ग पर आनंदी हाउस के समीप एक मकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा है। सूचना का संज्ञान लेते हुए क्यूआरटी टीम द्वारा तत्काल मौके पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके बरामद सामग्री को पुलिस के सहयोग से कब्जे में ले लिया गया हैं, जिनमें 19 किलोग्राम के 02 गैस सिलेंडर, 14 किलोग्राम के 04 गैस सिलेंडर, 01 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 01 हैंगिंग वेटिंग मशीन, 01 बांसुरी (रिफिलिंग उपकरण) जब्त किए गए हैं। मौके पर शिवम पुत्र मुकेश को अवैध रिफिलिंग कार्य करते हुए पाया गया। जांच में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 तथा एलपीजी (रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) ऑर्डर के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। उक्त प्रकरण में संबंधित के विरुद्ध थाना प्रेमनगर में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग जैसे अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल जिला प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन की टीमें आगे भी जनपद में सत्त निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्यवाही जारी रखेंगी, जिससे उपभोक्ताओं को सुचारू एवं सुरक्षित रूप से एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।जिला प्रशासन द्वारा प्रसारित 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 के माध्यम से कुल 09 शिकायतें एलपीजी गैस की आपूर्ति के सम्बन्ध में दर्ज हुई है, वही कंट्रोलरूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग, देहरादून में एलपीजी गैस की आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता या अन्य किसी प्रकार की समस्या को लेकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में आज लगभग 13913 से अधिक उपभोक्ताओं को घरेलू तथा 1005 उपभोक्ताओं को व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है।एलपीजी का घरेलू 25861 तथा व्यवसायिक का 4313 स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू के साथ ही व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर का लोड निंरतर बढाया जा रहा है।
April 18, 2026सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित यात्रा सरकार का संकल्पः धामी देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश से चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि सुगम, सुरक्षित, सुव्यवथित यात्रा सरकार का संकल्प है।आज यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित चारधाम यात्रा—2026 के शुभारम्भ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चार धाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए स्थापित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने देश भर से आए श्रद्धालुओं का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा — आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का मार्ग है। यह यात्रा हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देती है। उन्होंने कहा सरकार का संकल्प है कि यात्रा सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य हो। चारधाम यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है। मुख्यमंत्री ने कहा माँ गंगा के आशीर्वाद से यात्रा हर साल नया कीर्तिमान रच रही है। मुख्यमंत्री ने कहा ऑल वेदर रोड परियोजना के अंतर्गत यात्रा मार्गों को सुगम बनाया गया है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गौरीकुंड से केदारनाथ धाम और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक के लिए रोपवे परियोजनाओं का कार्य भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा चारधाम यात्रा लाखों लोगों की आजीविका का आधार है। इसलिए यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों, रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने का भी आवाहन किया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार, यात्रियों की सुविधा, सुगमता और स्वास्थ्य को लेकर पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। उन्होंने यात्रियों से निवेदन करते हुए कहा कि सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी का अवलोकन अवश्य करें। आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य जांच करने के बाद ही यात्रा में आए। उन्होंने बताया केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो गया है। बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, अध्यक्ष हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट नरेंद्रजीत बिंद्रा, भास्करानंद भारद्वाज, जितेंद्र नेगी, अजय सिंह, मनोज ध्यानी, संजय शास्त्री, भोपाल सिंह नेगी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
April 18, 2026देहरादून। निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ एनएसयूआई ने मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर घेराव कर ज्ञापन सौंपा।आज यहां डीएवी पीजी कॉलेज पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय में निजी स्कूलों की मनमानी और अनियमित फीस में वृद्धि,किताबों के रेट में मनमानी वृद्धि व साथ ही अलग अलग प्रकार की शुल्क वृद्धि के खिलाफ कार्यवाही करने हेतु मुख्य शिक्षाधिकारी को ज्ञापन दिया गया। छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड एक जन—कल्याणकारी राज्य है, यहाँ शिक्षा को मुनाफे का जरिया बनने से रोकना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और अगर जल्द से जल्द इस मामले में शासन—प्रशासन द्वारा कार्यवाही नहीं की गई तो पूरा छात्रसंघ अभिभावकाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान मुकेश बसेरा, नितिन नेगी, सौरभ सेमवाल, मयंक रावत, अभिनव कफलिया, स्वयं रावत, दक्ष रावत, आर्यन भंडारी आदि कई एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
April 18, 2026दून में स्कूल बने पैसा उगाही केंद्र देहरादून। संविधान भले ही हर बच्चे को शिक्षा का मौलिक अधिकार देता हों और देश तथा प्रदेशों की सरकारों द्वारा स्कूलों के लिए सख्त नियमावली बनाई गई हो लेकिन शिक्षा के व्यवसाय को रोकने में शासन—प्रशासन की नाकामी के कारण आम आदमी के बच्चों को उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण पहलू से वंचित होना पड़ रहा है क्योंकि सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर शून्य हो चुका है तथा निजी स्कूलों की शिक्षा इतनी महंगी है कि आम तो क्या खास लोग भी इसका बोझ सहन नहीं कर पा रहे हैं ऊपर से निजी स्कूलों की मनमानी अभिभावक के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। उत्तराखंड की राजधानी दून जिसे शिक्षा के लिए देश—विदेश तक जाना जाता था उसका हाल तो इतना बिगड़ चुका है कि यहां एक आम आदमी अपने बच्चों को शिक्षा दिलाने की बात सोच भी नहीं सकता है। शिक्षा के आधुनिकीकरण के नाम पर आए दिन स्कूल तो खोले जा रहे हैं लेकिन इन स्कूलों में शिक्षा के नाम पर जो लूट हो रही है वह आर्श्चयजनक है। इस साल राजधानी दून में छोटे बच्चों के लिए खुलने वाले दो स्कूलों जिसमें से एक का नाम है द सनराइज और दूसरे का नाम है टर्क्वोइज। छोटे बच्चों के लिए इस साल खुलने वाले इन दोनों स्कूलों द्वारा जारी किए गए प्रोस्पेक्टस पर एक नजर डाली जाए तो इन स्कूलों में आवेदन का शुल्क 5000 है, आपके बच्चे का दाखिला होगा या नहीं यह अलग बात है। रजिस्ट्रेशन शुल्क तो 5000 देना ही होगा। फ्री फाउंडेशन से लेकर कक्षा 2 से 5 तक आपके बच्चे को यह क्या शिक्षा देंगे? यह तो अलग बात है अगर बच्चे को स्कूल भेजने के लिए मां—बाप को एडमिशन फीस के नाम पर 50 और 75 हजार वसूल जरूर करेंगे मंथली फीस जो हजार से लेकर 9000 तक होगी वह तो होगी ही इसके अलावा एनुअल (वार्षिक) फीस के नाम पर भी 10—15 हजार वसूले जाएंगे। सवाल यह है कि किसी भी निजी क्षेत्र में काम करने वाला एक आदमी जो 15 से 20 हजार तक ही कमाता है। इन आधुनिक विघालयों में अपने बच्चों को शिक्षा दिलाने की सोच भी नहीं सकता है। इसके ऊपर से बच्चों की ड्रेस व स्कूल भेजने का खर्चा अलग। बीते कल की ही बात है जब प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रीतम सिंह ने डीएम दूनं सविन बंसल से मिलकर निजी स्कूलों की मनमानियों और वसूलियों को लेकर लंबी बातचीत की। दून में आए दिन इन स्कूलों के प्रबंधको और अभिभावकों के टकराव वह तकरार की खबरें तो आम हो गई हैं। सवाल यह है कि देश की शिक्षा व्यवस्था की इस दुर्दशा के लिए क्या सरकारे जिम्मेदार नहीं है? जब दुर्दशा हो ही चुकी है तो इसको ठीक कैसे किया जा सकता है? क्या भारत में भी नेपाल की तरह सभी निजी स्कूलों तथा कोचिंग सेंटरों पर बैन लगाकर स्थिति को सुधारा जा सकता है?
April 18, 2026नई दिल्ली। देश में महिला आरक्षण बिल पर मचे घमासान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8.30 बजे देश को संबोधित करेंगे। अभी तक सरकार की तरफ से साफ नहीं हुआ है कि पीएम मोदी किस मुद्दे पर देश को संबोधित करेंगे, लेकिन सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी आज महिला आरक्षण बिल से जुड़े संविधान का 131वां संशोधन विधेयक के बारे में बात कर सकते हैं। विपक्ष की वजह से सरकार लोकसभा में इसे पास नहीं करवा पाई है और ये बिल 54 वोटों से गिर गया।आज हुई कैबिनेट की बैठक के दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष पर दोषी होने और महिलाओं के लिए आरक्षण बिल का समर्थन न करके महिलाओं के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है। प्रधानमंत्री ने आज कैबिनेट बैठक में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा में बिल का गिरना सरकार की हार नहीं, बल्कि देश की महिलाओं को मिलने वाले अधिकारों का विरोध है। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने इस मुद्दे को सीधे महिलाओं के सशक्तिकरण से जोड़ते हुए विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाए। सरकार की तरफ से अभी ये नहीं बताया गया है कि पीएम किस विषय को लेकर देश को संबोधित करेंगे, लेकिन जाहिर है कि देश के सियासी माहौल को देखते हुए यही कयास लगाए रहे हैं कि महिला आरक्षण को लेकर संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में गिर जाने के मुद्दे पर बात कर सकते हैं। कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक का समर्थन न करना विपक्ष की बड़ी राजनीतिक भूल है। उनके अनुसार यह कदम महिलाओं को उनका हक देने से इनकार करने जैसा है। उन्होंने जोर दिया कि इस रुख का असर आने वाले समय में विपक्ष को भुगतना पड़ेगा। पीएम मोदी ने कहा कि यह संदेश देश के हर गांव तक पहुंचाया जाना चाहिए कि विपक्ष की सोच महिलाओं के प्रति नकारात्मक है। उन्होंने पार्टी और सरकार के नेताओं को इस मुद्दे पर जनता के बीच जाकर सच्चाई रखने की बात कही। पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम यह संबोधन उनके पिछले सभी संबोधनों से काफी अलग माना जा रहा है। बीते 12 वर्षों में जब भी प्रधानमंत्री मोदी ने देश के नाम संबोधन दिया, तो उन्होंने मुख्य रूप से सरकार की उपलब्धियों, बड़े राजनीतिक और सुधारवादी फैसलों या आपदा के समय हालात से निपटने जैसे विषयों पर बात की, लेकिन कभी भी सरकार ऐसी परिस्थिति से नहीं गुजरी थी, जिसमें लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक का गिर जाना जैसा मामला सामने आया हो। इसलिए इस बार का संबोधन थोड़ा अलग और मुख़्तलिफ होने वाला है, ऐसा माना जा रहा है।
April 18, 2026नैनीताल। सड़क दुर्घटना में आज सुबह एक आटो के कार से टकरा जाने से जहंा एक महिला की मौत हो गयी वही आठ लोग गम्भीर रूप से घायल हुए है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतका के शव को कब्जे में लेकर घायलो को अस्पताल पहुंचाया जहंा उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।सड़क दुर्घटना का यह मामला लालकुआँ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग का है। यहंा पर बने बेतरतीब कट में आज सुबह हल्द्वानी से लालकुआं की ओर जा रहे एक आटो की आईओसी डिपो के सामने चौराहे पर स्थित कट पर नेक्सॉन कार से जबरदस्त टक्कर हो गई, इसके बाद ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि लाइन नंबर 10 आजाद नगर बनभूलपुरा हल्द्वानी निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और अन्य परिजनों के साथ ऑटो से लालकुआं की ओर जा रहा था। आईओसी डिपो के सामने हाईवे पर बने कट को पार कर रही नेक्सॉन कार से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और मौके पर अफरा—तफरी मच गई।ऑटो में चार बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में गफूर बस्ती निवासी रोजी पत्नी शाहरुख उम्र 28 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शाहरुख पुत्र रफीक उम्र 35 वर्ष, उनके चार बच्चे अरहान 10 वर्ष, अर्श 8 वर्ष, उजैर 4 वर्ष और मन्नत 4 माह के साथ ही ऑटो चला रहे शोएब का पुत्र रफीक, मुकद्दस उम्र 45 वर्ष और मेहरू बी अंसारी उम्र 14 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल हल्द्वानी के अस्पताल भेजा। जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।