नैनीताल। छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि छात्रा ने मरने से पहले अपने दोस्त को मैसेज किया था।
जानकारी के अनुसार बीती देर शाम दिव्या आर्या ने अपने परिवार के साथ सामान्य रूप से भोजन किया और अपने कमरे में चली गई। इसके बाद उसने अपने एक करीबी युवक मित्र को मोबाइल का पिन कोड (पासवर्ड) मैसेज किया। अचानक भेजे गए इस संदेश से दोस्त को अनहोनी की आशंका हुई। चिंतित होकर युवक ने दिव्या को लगातार फोन किया। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर वह दिव्या के घर पहुंचा। घर पहुंचकर जब कमरे का दरवाजा खोला गया, तो दिव्या फंदे से लटकी मिली। उस समय परिवार के अन्य सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन किसी को इस घटना की भनक नहीं लगी। आनन—फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिव्या चार बहनों में सबसे बड़ी थी। एक वर्ष पूर्व उसके पिता का निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों से गुजर रहा था। मां मेहनत—मजदूरी कर अपनी बेटियों की परवरिश और शिक्षा का जिम्मा संभाल रही थी। बड़ी बेटी की असमय मृत्यु से परिवार शोक में डूब गया है। सूचना मिलने पर काठगोदाम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और दिव्या का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा ने आत्महत्या से पहले अपने दोस्त को मोबाइल का पिन कोड क्यों भेजा है।




