देहरादून। अपनी दो सूत्री मांगों को लेकर पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। जिसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
आज यहां प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के बैनर तले पीआरडी जवान परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए। जहां से उन्होंने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। परेड ग्राउंड से वह कनक चौक, राजपुर रोड, दिलाराम चौक से जैसे ही हाथीबडकला चौकी पर पहुंचे तो पुलिस ने उनको वहीं बैरकेडिंग लगाकर रोक दिया। जिसके बाद वह वहीं धरने पर बैठ गये। जिसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि जवानों को वर्ष में 365 दिनों का रोजगार नहीं मिल रहा है तथा जवानों की समस्या आज इस कदर है कि परिवार का पालन पोषण करने में सक्षम नहीं है। पीआरडी के जवान आपातकालीन परिस्थतियों जैसे सुरक्षा कर्मी, पुलिस थाना चौकी, ट्रेफिक, कोविड, चारधाम यात्रा, कुंभ मेला डयूटी, चुनाव डयूटी, कार्यालयों में, अनुसेवक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, वाहन चालक आदि विभिन्न विभागों निगम में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड के तर्ज पर मूल वेतन के साथ डीए लागू किया जाये। वर्षभर में 365 दिन का नियमित रोजगार दिया जाये।




