देहरादून। किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में आईजी एसटीएफ के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने अपनी जांच शुरू करते हुए घटना से सम्बन्धित दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिये हैं।
आज यहां पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण में गठित विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) द्वारा जनपद उधमसिंहनगर के थाना आईटीआई पहुंचकर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। केस डायरी और अन्य अभिलेखों का परीक्षण करते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही एसआईटी द्वारा प्रकरण से संबंधित थाना काठगोदाम से मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन एवं अन्य अभिलेखीय साक्ष्यों के अवलोकन की प्रक्रिया भी की जा रही है। साथ ही मृतक के मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त फायर आर्म्स को फॉरेंसिक परीक्षण हेतु एफएसएल भेजा जा रहा है। एसआईटी की तकनकी टीम द्वारा मृतक द्वारा भेजे गए ई—मेल का विस्तृत परीक्षण प्रारंभ कर दिया गया है। उक्त ई—मेल में मृतक द्वारा विभिन्न स्थानीय लोगों एवं पुलिस के अधिकारियों / कर्मियों पर कतिपय आरोप अंकित किये गये थे। यह भी अवगत कराना है कि आयुक्त कुमाऊँ मण्डल द्वारा की जा रही मजिस्ट्रेट जांच के अतिरिक्त उक्त प्रकरण से सम्बन्धित समस्त अभियोगों की विवेचनात्मक कार्यवाही आईजी एसटीएफ की अध्यक्षता में गठित एसआईटी द्वारा ही की जाएगी। पुलिस महानिदेशक, दीपम सेठ ने बताया कि एसआईटी द्वारा प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गहन परीक्षण किया जा रहा है।




