हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में दो अलग—अलग सड़क दुर्घटनाओं ने तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पहली दुर्घटना भूर्णी—कुआंखेड़ा रोड पर हुई, जहां सेठपुर निवासी धूम सिंह पुत्र गेंदाराम को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि धूम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं दूसरी घटना लक्सर—रुड़की रोड स्थित डॉसनी ओवर ब्रिज पर सामने आई। यहां नई स्कूटी पर सवार दो युवक रुड़की की ओर से लक्सर आ रहे थे। किसी अज्ञात वाहन की तेज रोशनी के कारण अचानक स्कूटी पुल की रेलिंग से टकरा गई, जिससे दोनों युवक करीब 50 फीट नीचे गिर गए। हादसा रात 6.30 बजे के करीब हुआ। बताया जा रहा है कि राहगीरों ने तुरंत घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। मृतकों में से एक युवक की आई कार्ड के द्वारा पहचान शिवम पुत्र प्रेमचंद निवासी मोहम्मदपुर कुन्हारी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक स्वरूप मल्टीलिटि हॉस्पिटल लक्सर में कार्यकर्ता थे।




