- मामले में तीन आरोपी पूर्व में ही किये जा चुके है गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
उधमसिंहनगर। छात्रसंघ नामांकन के दौरान रुद्रपुर डिग्री कॉलेज गेट पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है जिसका उपचार जारी है। मामले में अन्य आरोपी फरार है जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार बीते 24 सितम्बर 2025 को छात्रसंघ अध्यक्ष पद के नामांकन के दौरान दो गुटों में भिड़ंत हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग, गाली—गलौज और जान से मारने की धमकियों तक की नौबत आ गई। मौके पर पहुँची पुलिस से पहले ही आरोपी फरार हो गए। इस संबंध में थाना रुद्रपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया। फायरिंग कांड के तुरंत बाद पुलिस ने एक सूचना के बाद दबिश देकर तीन शातिर अपराधियों कोे गिरफ्तार कर लिया। जिनके नाम रखवीर सिंह पुत्र हरविन्दर सिंह निवासी ग्राम ईश्नरपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली, दानिश पुत्र फजले नवी निवासी वार्ड नंबर 29, आदर्श कॉलोनी, थाना रुद्रपुर व गुरपेज सिंह पुत्र रिसपाल निवासी ग्राम नेताजी नगर, विजय नगर, दिनेशपुर बताया जा रहा है। जिनके पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद हुआ है। मामले में पुलिस को बीती शाम सूचना मिली कि फायरिंग का मुख्य आरोपी गगन रतनपुरिया किसी अन्य व्यक्ति से मिलने जा रहा है और सरेंडर करने की फिराक में है। इस पर पुलिस ने शक्तिफार्म क्षेत्र में घेराबंदी की। गिरफ्तारी से बचने के लिए गगन ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार गगन रतनपुरिया के खिलाफ उत्तराखण्ड व उत्तर प्रदेश में 32 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य आरोपी फरार है जिनकी तलाश जारी है।




