- 4 साल दून में रहा मित्तल परिवार
- पड़ोसी बोले बेइंतेहा अच्छे लोग थे
- समाज की व्यवस्थाओं पर भी उठे सवाल
देहरादून/पंचकूला। बीते कल पंचकूला में एक ही परिवार के सात सदस्यों द्वारा सामूहिक आत्महत्या के मामले ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। प्रवीण मित्तल भले ही मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे लेकिन जिस कार में उनके परिवार ने आत्महत्या की इस घटना को अंजाम दिया वह देहरादून में रजिस्टर्ड है तथा मृतको के आधार कार्ड भी यही के पते पर बनवाए गए थे जिसके कारण इस परिवार के देहरादून का होने की बात कही जा रही है।
एसएसपी अजय सिंह द्वारा आज यहां इस बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रवीण मित्तल का परिवार कुछ समय देहरादून में रहा था। उन्होंने बताया कि जिस कार में इस परिवार द्वारा सामूहिक आत्महत्या का मामला सामने आया है वह कार गंभीर सिंह नेगी के नाम पर है। उनसे संपर्क करने पर पता चला कि वह एक एनजीओ चाइल्ड केयर के माध्यम से प्रवीण मित्तल से मिले थे और उन्होंने कार खरीदने का आग्रह किया था। प्रवीण मित्तल परिवार के आधार कार्ड में 274 कौलागढ़ रोड का पता लिखा था जिसके आधार पर पंचकूला पुलिस द्वारा यहां संपर्क किया गया। जांच में पता चला कि मित्तल परिवार एक सामान्य परिवार था तथा उनके बारे में कोई आपत्तिजनक जानकारी नहीं मिली है।
मीडिया द्वारा उनके निवास स्थान दूनं जाकर जब पता किया गया तो लोगों ने कहा कि वह बेहद अच्छे इंसान थे तीन चार साल यहां रहे उनके पिता टपकेश्वर मंदिर पर प्रसाद व पूजा सामग्री की दुकान करते थे। लेकिन कुछ समय पहले वह यहां से चले गए थे। पंचकूला से मिली जानकारी के अनुसार यहां उन्होंने पहले बाबा बागेश्वर की हनुमंत कथा सुनी थी तथा इसके बाद अपनी कार में ही पूरे परिवार ने जहरीला पदार्थ पीकर जान दे दी। कार में उन्हें तड़पते हुए देख कर पुलिस को सूचना दी गई लेकिन तब तक प्रवीण मित्तल के तीन बच्चे जिसमें दो बेटी वह एक बेटा शामिल था जिनकी उम्र 12 से 17 वर्ष के बीच थी माता—पिता और पत्नी की मौत हो चुकी थी। जबकि प्रवीण ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया है। उनकी गाड़ी से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें आत्महत्या का कारण आर्थिक तंगी वह कर्ज बताया गया है। उन्होंने कई कारोबार किये मगर सफल नहीं हो सके। उल्लेखनीय है कि कुछ साल पहले ऐसी ही एक घटना दिल्ली के बुराड़ी में भी सामने आई थी जब पूरे परिवार ने आत्महत्या कर ली थी।




