- गांव—गांव व हर बूथ तक जाएगी शौर्य यात्राः भाजपा
- राष्ट्रीय सुरक्षा भी चुनाव प्रचार का मुद्दाः कांग्रेस
देहरादून। भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का कहना है कि भाजपा असीमित समय तक शौर्य तिरंगा यात्रा का अभियान जारी रखेगी तथा वह हर एक गांव और हर एक बूथ तक जाकर लोगों को बताएगी कि हमारी सेना ने कैसे पहलगाम के आतंकी हमले का बदला लिया और पाकिस्तान को मात्र तीन दिन में घुटने टेकने पर विवश कर दिया।
उधर कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना का कहना है कि देश की जनता भाजपा के सारे चाल चरित्र को अब अच्छे से जान समझ चुकी है। झूठ और भ्रम फैलाकर वोट बटोरने का धंधा अब नहीं चलने वाला है। भाजपा नेता और सरकार के पास किसी भी सवाल का जवाब नहीं है अब सेना के शौर्य और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों को भी अपने चुनावी प्रचार का माध्यम बनाने पर आमदा है। जबकि भाजपा द्वारा शुरू की गई शौर्य तिरंगा यात्राओं को जिस तरह का जन समर्थन उत्तराखंड में मिल रहा है उसे लेकर भाजपा के नेता अति उत्साह में है। यही कारण है कि अब भाजपा के प्रदेश प्रभारी इसे लंबे समय तक जारी रखने और बूथ—बूथ तक पहुंचाने की बात कर रहे हैं।
दरअसल उत्तराखंड एक सैनिक बाहुल्य राज्य है। जहां हर दूसरे तीसरे घर से कोई न कोई सेना में अपनी सेवा दे रहा है। भाजपा इसे वीर सैनिकों के सम्मान का प्रतीक बता रही है और वह यह प्रचार कर रही है कि तिरंगा शौर्य यात्रा के माध्यम से वह अपने सैनिकों का सम्मान कर रही है बात बिल्कुल सीधी है कि सैनिकों व उनके परिवारों को भला यह सम्मान क्यों अच्छा नहीं लगेगा। उत्तराखंड में 50 हजार वीरांगनाएं हैं सरकार ने जो ऑपरेशन चलाया था वह उसे सिंदूर नाम यूं ही नहीं दिया गया था। अब जब ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया जा चुका है तो इसके भी एयर स्ट्राइक की तर्ज पर राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जाना स्वाभाविक ही है। लेकिन कांग्रेस सिर्फ एक तिरंगा यात्रा निकालकर खामोश बैठी हुई है देखना होगा कि वह आगे भी कुछ करती है या नहीं। हां अब इस मुद्दे पर सियासत जरूर पुरजोर तरीके से हावी हो चुकी है।





