Home News Posts उत्तराखंड तीन साल बेमिसाल

तीन साल बेमिसाल

0
537
  • यूसीसी व नकल रोधी कानून बड़ी उपलब्धिः धामी

    देहरादून। उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने आज अपने कार्यकाल के 3 साल पूरे कर लिए हैं। इसके उपलक्ष्य में आज राजधानी देहरादून सहित सभी जिला मुख्यालयों में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दून में आज मुख्यमंत्री धामी ने कई कार्यक्रमों में शिरकत की तथा अपने कार्यकाल के इन तीन सालों को बेमिसाल बताते हुए कहा कि यह 3 साल राज्य के इतिहास में स्वर्ण काल के रूप में दर्ज हो चुके हैं।
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा आज जहां फिट इंडिया के लिए आयोजित दौड़ में उन्होंने भाग लिया और वह पुश्अप लगाते देखे गए वहीं उन्होने खिलाड़ियों और युवाओं के बीच कुछ समय बिताया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी को हर रोज आधा घंटे व्यायाम और योग को देना चाहिए। मुख्यमंत्री धामी ने आज राजधानी में एक भव्य रोड शो किया जिसमें युवा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। इस अवसर पर सीएम धामी का लोगों ने उन पर फूल बरसा कर उनका स्वागत किया।
    दून के परेड ग्रांउड में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि 22 मार्च 2022 में चुनाव के दौरान उन्होंने प्रदेश की जनता से राज्य में यूसीसी (समान नागरिक संहिता) लागू करने का वायदा किया था जिसे 27 जनवरी 2025 में पूरा कर दिया गया और उत्तराखंड देश का यूसीसी लागू करने वाला पहले प्रदेश बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 मार्च 2022 में जब उन्होंने सूबे की सत्ता संभाली थी तब तमाम तरह की चुनौतियां हमारे सामने थी लेकिन दृढ़ इच्छा शक्ति और कड़ी मेहनत से 3 साल में उन्होंने जनता से किए गए सभी वादों को पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों को रोकने के लिए सख्त कानून लाकर तथा 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजने का काम कर अब पारदर्शी तरीके से भर्तीयंा हो रही है। अब तक 20 हजार युवाओं को नौकरियंा मिल चुकी है।
    उन्होंने कहा कि राज्य के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए उनकी सरकार सख्त भू कानून लाई है तथा लव जेहाद व लैंड जेहाद के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा रहा है। जबरन धर्मांतरण को सख्त कानून बनाया गया है तथा दंगाइयों पर शिकंजा कसने की का काम किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन तथा 103 पदक जीतकर राज्य का सातवें स्थान पर रहना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वह निष्ठा, समर्पण और उत्साह के साथ जन भावनाओं के अनुरूप काम करने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने उपनल कर्मियों के समायोजन के लिए समिति बनाने की बात भी कही तथा महिला व बाल संरक्षण तथा नशा मुक्त प्रदेश बनाने का संकल्प भी दोहराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here