उत्तरकाशी। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट नें आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित व सुरक्षित तरीके से संचालित करने हेतु विभागों को समय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा है कि यात्रा को सुगम व सुचारू बनाए रखने में लिए सड़कों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। लिहाजा संबंधित विभाग व संगठन यात्रा मार्गों को दुरस्त बनाए रखने पर विशेष ध्यान दें। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नें विभिन्न विभागों एवं संगठनों के अधिकारियों की बैठक लेकर यात्रा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होनें सिंचाई विभाग के अभियंताओं को गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम में अतिवृष्टि से प्रभावित घाटों की स्थिति को अविलंब सुधारे जाने के निर्देश देते हुए कहा कि दोनों धामों में सुरक्षा हेतु स्वीकृत कार्य तुरंत प्रारंभ कराए जांय, तथा घाटों के अनुरक्षण का काम यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व संपन्न कराए जाँय, लिहाजा सिंचाई विभाग के संबंधित डिवीजन मौके पर तेजी से काम करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी नें कहा कि चारधाम यात्रा व्यवस्था की सफलता सड़कों पर पूरी तरह से निर्भर है। लिहाजा सड़कों से जुड़े विभाग व संगठन सड़कों को चाक-चौबंद बनाए रखने तथा जाम की संभावना वाली संकरी जगहों को सुधारे जाने पर विशेष ध्यान व बीआरओ से गंगोत्री मार्ग पर रतूड़ीसेरा, बंदरकोट, नेताला, बिशनपुर के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों को सुचारू व सुरक्षित बनाए रखने के उपाय सुनिश्चित करने के साथ ही सुनगर से झाला तक के हिस्से में सड़क के संकरे व क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुधारने की भी अपेक्षा की।
बैठक में सीमा सड़क संगठन की शिवालिक परियोजना के चीफ इंजीनियर ब्रिगेडियर प्रसन्न जोशी नें बताया कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी से आगे के हिस्से में संकरी जगहों पर सड़क को सुधारे जाने का काम सोमवार से शुरू किया जा रहा है। जिसके लिए मशीनें रवाना करा दी गई हैं। इस कार्य को यात्रा प्रारंभ होने से पहले संपन्न करा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गंगोत्री मार्ग पर हीना से झाला तक 57 किमी हिस्से का रि-सरफेसिंग का कार्य गतिमान है। जिसके लिए हिटाणू में हॉटमिक्स प्लांट स्थापित किया गया है। लेकिन कुछ अवरोध उत्पन्न किए जाने के कारण यह प्लांट पूरी क्षमता से कार्य नहीं कर पा रहा है, जिससे गंगोत्री मार्ग की रि-सरफेसिंग का कार्य प्रभावित हो रहा है, आसन्न चारधाम यात्रा को देखते हुए गंगोत्री मार्ग के सुधार का यह महत्वपूर्ण काम समय से पूरा किया जाना जरूरी है, जिसके लिए हिटाणू प्लांट को अपेक्षित क्षमता के साथ संचालित कर डामरीकरण का कार्य अविलंब पूरा करनें के उपाय सुनिश्चित किए जांय।
राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता मनोज रावत नें बताया कि इस क्षेत्र में सड़क सुधार का काम तेजी से जारी है और संकरे हिसों में 53 जगहों पर पासिंग प्वाईंट चिन्हित कर उन्हें दुरस्त करनें का काम किया जा रहा है, जिलाधिकारी नें जानकीचट्टी एवं गंगोत्री में स्थापित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को सुचारू रूप से पूरी क्षमता के साथ संचालित किए जाने तथा धामों एवं यात्रा पड़ावों पर साज-सज्जा और सफाई का कार्य तुरंत पूरा करने के साथ ही विभिन्न स्थानों पर स्थापित टॉयलेट्स को चाक-चौबंद बनाए जाने के साथ धामों व पड़ावों में पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था तथा यात्रियों की सुविधाओं से संबंधित कार्यों पर भी प्राथमिकता से ध्यान देकर सभी व्यवस्थाएं तुरंत दुरस्त करनें की बात कर पैदल मार्गों को भी ठीक करनें के निर्देश दिए।




