नई दिल्ली । बिहार के नवादा में दलित बस्ती को जलाने की घटना को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीतीश सरकार पर करारा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा, दलितों की चीखें भी बिहार सरकार को गहरी नींद से नहीं जगा सकीं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हमला करते हुए लिखा, नवादा में महादलितों की पूरी बस्ती को आग के हवाले कर देना और 80 से अधिक परिवारों के घरों को नष्ट कर देना बिहार में बहुजनों के खिलाफ अन्याय की भयावह तस्वीर को उजागर करता है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ऐसे अराजकतावादी तत्व भाजपा और उसके एनडीए सहयोगियों के नेतृत्व में शरण पाते हैं, वे दलितों को डराते-धमकाते हैं और दबाते हैं, ताकि वे अपने सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों की मांग भी न कर सकें और प्रधानमंत्री की चुप्पी इस बड़ी साजिश पर मुहर है। उन्होंने इस शर्मनाक अपराध के लिए सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और पीड़ित परिवारों को पुनर्वासित कर न्याय दिलाने की मांग की।
एआईसीसी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी घटना की निंदा की और कहा कि यह कृत्य बेहद भयावह है। नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नवादा की घटना कानून-व्यवस्था के पतन को दर्शाती है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “दर्जनों राउंड फायरिंग कर आतंक फैलाना और लोगों को बेघर करना यह दर्शाता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।




