Home उत्तराखंड देहरादून राजनीति का घृणित चेहरा

राजनीति का घृणित चेहरा

0
466


ऐसा लगता है कि 2024 के लोकसभा चुनावों से भाजपा नेताओं ने कोई सबक नहीं लिया है तथा उन्हें अभी यह समझ नहीं आ रहा है कि लोकतंत्र की अहमियत क्या है? तथा भारत में लोकतंत्र की जड़ें कितनी गहरी है और कितनी मजबूत है। विपक्ष विहीन सरकार की कल्पना करने वाले इन नेताओं द्वारा अभी भी अगर तानाशाही का सपना पाला हुआ है तो वह अब भाजपा के लिए आत्मघाती सिद्ध होकर रहेगा या फिर उनका स्वयं का भी उससे कोई कल्याण नहीं हो सकता है। नेता विपक्ष राहुल गांधी के अभी हाल के अमेरिका दौरे को लेकर भाजपा के सांसद और विधायकों की जिस तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही है वह इस बात को साबित करती है कि विपक्ष की मजबूती और राहुल गांधी के खिलाफ वह सत्ता में रहकर भी कितने कमजोर हो चुके हैं। केंद्र में एनडीए की सरकार बन जरूर गई है और उसका नेतृत्व भी भले ही नरेंद्र मोदी ही कर रहे हैं लेकिन अब देश में अगर किसी के नाम की चर्चा है तो वह राहुल गांधी है। खास बात यह है कि भाजपा के वह नेता ही उन्हें चर्चाओं के केंद्र में रखकर विशेष बना रहे हैं जो उनके एक—एक बयान पर तीखी अमर्यादित और असंवैधानिक भाषा बोलने में अपनी बहादुरी समझ रहे हैं। राहुल गांधी को आतंकवादी, राष्ट्रीय द्रोही और देश का दुश्मन बताने वाले इन राष्ट्रभक्त नेताओं के पास अगर इसका कोई प्रमाण है तो वह उनके खिलाफ मुकदमा क्यों नहीं कराते उनकी सरकार है उन्हें तो चाहिए था कि अमेरिका से वापस लौटते ही एयरपोर्ट पर गिरफ्तार करवा देना चाहिए था। भाजपा सांसद रवनीत बिटृू उन्हें आतंकवादी नंबर वन बता रहे हैं और उनकी तुलना पन्नू से कर रहे हैं। शिवसेना विधायक संजय गायकवाड ने तो राहुल की जीभ काटकर लाने वाले को 11 लाख इनाम देने की घोषणा कर डाली है। गिरिराज सिंह से लेकर देश के गृहमंत्री अमित शाह तक उनको लेकर तमाम तरह के बयान दे रहे हैं। अगर राहुल गांधी ने अमेरिका में ऐसा कुछ कहा है कि जो आपत्तिजनक है या देश के खिलाफ है तो राहुल गांधी के खिलाफ न्यायिक कार्यवाही होनी ही चाहिए? लेकिन यह आरोप अगर मनगढ़ंत है तो निश्चित तौर से राजनीति का इससे अधिक घृणित चेहरा कुछ और नहीं हो सकता है? कांग्रेस अब इन नेताओं के खिलाफ खुद एफआईआर करा रही है। हमने देखा था कि संसद के प्रथम सत्र में जब नेता विपक्ष ने भाजपा के नेताओं को यह कह दिया कि तुम हिंदू नहीं हो क्योंकि हिंदू किसी की हत्या नहीं कर सकता। उनके इस बयान को खुद पीएम मोदी ने यह कहकर उन्होंने हिंदुओं को हत्यारा बता कर देश के हिंदुओं का अपमान किया है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा भाजपा ने इसे लेकर भी राहुल के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया था। ठीक वैसा ही अब उनकी अमेरिका यात्रा के दौरान कही गई बातों को उनका न सिर्फ गलत मतलब निकाले जा रहे हैं बल्कि दुष्प्रचार किया जा रहा है। खास बात यह है कि ऐसा करने वाले भाजपा नेता खुद ही राहुल का प्रचार मशीन बन चुके हैं और वह अपने नुकसान के साथ—साथ भाजपा को इतना बड़ा नुकसान पहुंचा रहे हैं कि आने वाले चुनाव में इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। ऐसा लगता है कि भाजपा के नेता सत्ता जाने की डर से इतने भयभीत है कि उन्हें समझ ही नहीं आ रहा है कि वह क्या कर रहे हैं खास बात यह है कि इन्हें रोकने टोकने वाला भी कोई नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here