देहरादून। उत्तराखण्ड में वन्यजीव अंगों की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एसटीएफ, तराई केन्द्रीय वन प्रभाग रूद्रपुर तथा श्यामपुर थाना पुलिस ने संंयुक्त कार्यवाही करते हुए तीन अंर्तराज्जीय वन्य जीव तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से दो हाथी दांत भी बरामद किये गये है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि बीती शाम एक सूचना के बाद एसटीएफ, तराई केन्द्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर व थाना श्यामपुर पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए श्यामपुर क्षेत्र से 2 अन्तर्राज्यीय वन्यजीव तस्कर गौतम सिंह व चन्दन सिंह निवासी कामगारपुर, थाना मण्डावली जिला बिजनौर उ.प्र. को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से 1 हाथी दांत ( वजन करीब 07 किलो) बरामद किया। इन दोनो तस्करों से पूछताछ के बाद संयुक्त टीम ने ग्राम नौरंगाबाद श्यामपुर निवासी जितेन्द्र सिंह को देर रात दूसरे हाथीदाँत के साथ श्यामपुर क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया। बताया कि गिरफ्तार तस्कर लम्बे समय से वन्यजीव अंगो की तस्करी में लिप्त थे।
एसटीएफ एसएसपी ने बताया कि बीते दिनों गिरफ्तार तस्करों द्वारा हरिद्वार क्षेत्र से वन्यजीव अंगो की तस्करी करने का इनपुट एसटीएफ के पास आया था जिस पर एसटीएफ की टीम को गोपनीय रुप से इस पर कार्यवाही करने हेतु लगाया गया था, कल जब यह तस्कर हाथीदाँत को किसी बाहर की पार्टी को बेचने के लिए निकले तो टीम द्वारा कार्यवाही कर शाम को 2 तस्कर और फिर देर रात्रि 1 तस्कर को कुल 2 हाथीदांत के साथ गिरफ्तार किया गया। इस हाथी का शिकार कब कहाँ किस जंगल में किस तरह किया गया, यह पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बताया कि गिरफ्तार तस्करों में से एक गौतम सिंह वर्ष 2017 थाना मण्डावली जिला बिजनौर से हत्या तथा जितेन्द्र सैनी वर्ष 2017 में थाना श्यामपुर से फॉरेस्ट एक्ट के मुकदमे में जेल जा चुका है।




