मुंबई। लोकसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के कुछ दिनों बाद, एक निगरानी दस्ते ने मुंबई उपनगर घाटकोपर में एक कार से 72 लाख रुपये से अधिक की नकदी जब्त की है । एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि कार में यात्रा कर रहे दो लोगों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद जाने दिया गया। उनके मुताबिक दोनों में से एक खुद को चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बता रहा था । पंतनगर थाने के अधिकारी के अनुसार, कार सवार दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि मंगलवार रात बरामद किया गया यह पैसा नवी मुंबई स्थित एक ‘रियल्टी डेवलपर’ का था। उन्होंने कहा कि आयकर (आई-टी) विभाग को जांच में शामिल किया गया है।




