- तस्करों को गिरफ्तार कर किया वन विभाग के सुपुर्द
उत्तरकाशी। फिल्म पुष्पा की तर्ज पर राज्य के जंगलों से प्रतिबन्धित कांजल काठ की लकड़ी की तस्करी करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से 192 नग प्रतिबन्धित कांजल काठ की लकड़ी व तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह वन सम्पदा की तस्करी की एक सूचना के तहत थाना धरासू पुलिस द्वारा क्षेत्र में चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस को नगुण बैरियर पर एक संदिग्ध बोलेरो आती हुई दिखायी दी। पुलिस ने जब उसे रूकने का इशारा किया तो बोलेरो सवार तीन लोग भागने का प्रयास करने लगे। जिस पर उन्हे घेर कर रोका गया। वाहन की तलाशी के दौरान वाहन में रखी 192 नग प्रतिबंधित कांजल की लकड़ी बरामद हुई। पूछताछ में उन्होने अपना नाम देवेन्द्र पुत्र भ्ौरो सिंह निवासी ग्राम पटाली थाना ऊखीमठ रुद्रप्रयाग, श्याम बहादुर पुत्र मोती राम व रोशन बहादुर पुत्र सुनम बहादुर निवासी मच्छी गली निकट घंटाघर सहारनपुर उत्तर—प्रदेश मूल निवासी सीमकुट नेपाल बताया। बताया कि वह इस लकड़ी को मानपुर—किशनपुर के जंगलों से काटकर ला रहे थे, जिसको वह सहारनपुर उत्तरप्रदेश में बेचने की फिराक मे थे। पुलिस द्वारा तस्करों व लकड़ी को अग्रिम विधिक कार्यवाही हेतु वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है।