Home News Posts World पड़ोसियों से लड़कर हम प्रगति नहीं कर सकते : नवाज शरीफ

पड़ोसियों से लड़कर हम प्रगति नहीं कर सकते : नवाज शरीफ

0
478


लाहौर। स्व-निर्वासन में चार साल बिताने के बाद शनिवार को स्वदेश लौटे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा कि उनकी इच्छा प्रतिशोध की राजनीति करने की नहीं है, बल्कि वह देश को मुश्किल आर्थिक हालात से निकालकर विकास की राह पर दोबारा ले जाना चाहते हैं।
भारत का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि पड़ोसियों से लड़कर हम प्रगति नहीं कर सकते। हमें प्रभावी विदेश नीति अपनानी होगी, अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने होंगे क्योंकि इसके बिना देश प्रगति नहीं कर सकता। शरीफ ने कहा कि अगर पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) अलग नहीं हुआ होता तो आज पूर्वी और पश्चिमी पाकिस्तान के बीच एक आर्थिक गलियारा होता। विश्लेषकों का कहना है कि शरीफ ने भारत के साथ संबंध बहाल करने पर नीतिगत बयान दिया है, जिन्हें मजबूत सैन्य प्रतिष्ठान द्वारा पाकिस्तान का अगला प्रधानमंत्री माना जा रहा है। पाकिस्तान के तीन बार के प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के लोगों की कठिनाइयों को खत्म करने के लिए एक योजना की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमें एक नयी यात्रा शुरू करने की जरूरत है। हमें यह तय करना होगा कि हमें अपना खोया हुआ स्थान कैसे वापस पाना है, हमें दोगुनी गति से कैसे दौड़ना है, हमें भीख मांगने का कटोरा हमेशा के लिए कैसे त्यागना है, हमें अपने पैरों पर कैसे खड़ा होना है। हम कैसे कश्मीर मुद्दे पर मजबूत विदेश नीति बनाएं, और दुनिया से अच्छे रिश्ते बनाने होंगे।
लाहौर में मीनार-ए-पाकिस्तान में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष 73 वर्षीय शरीफ ने देश के खराब आर्थिक हालात पर अफसोस जताया और पाकिस्तान को एक विकसित देश बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि मुझे बदला लेने की कोई इच्छा नहीं है, नवाज शरीफ केवल लोगों की भलाई चाहता है। शरीफ ने कहा कि अगर पाकिस्तान को उसके 1990 के आर्थिक मॉडल पर आगे बढ़ाया जाता, तो एक भी व्यक्ति बेरोजगार नहीं होता और देश में गरीबी जैसी कोई चीज नहीं होती। शरीफ ने कहा कि लेकिन आज हालात इतने खराब हैं कि सोचना पड़ता है कि क्या वे अपने बच्चों को खाना खिला सकेंगे या बिजली का बिल भर सकेंगे। उन्होंने कहा कि क्या इसीलिए आपने मुझे बाहर कर दिया? हम पाकिस्तान को ‘एशियन टाइगर’ बना रहे थे, हम पाकिस्तान को जी20 में ले जाना चाहते हैं। डॉन अखबार की खबर के मुताबिक, शरीफ ने कहा कि उन्होंने कभी अपने समर्थकों को धोखा नहीं दिया और न ही किसी तरह का बलिदान देने से पीछे हटे। उन्होंने कहा कि आज कई सालों बाद आपसे मिल रहा हूं, पर आप सभी से मेरा प्यार का रिश्ता वैसा ही है। इस रिश्ते में कोई बदलाव नहीं आया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here