June 15, 2026हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही हर की पैड़ी, ब्रह्मकुंड, मालवीय घाट, सुभाष घाट एवं कुशा घाट समेत सभी प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। देश के विभिन्न राज्यों के साथ—साथ विदेशों से आए श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे शहर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।मेले के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने स्वयं विभिन्न घाटों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा—निर्देश देते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।प्रशासन द्वारा मेले को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर में नोडल अधिकारी एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। सभी अधिकारियों को अपने—अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि किसी भी स्थान पर अत्यधिक भीड़ एकत्रित न होने पाए और श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु रूप से चलता रहे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए चप्पे—चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की गई। आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ/एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस सेवाएं अलर्ट मोड पर रहीं। घाटों पर बैरिकेडिंग, अनाउंसमेंट सिस्टम एवं दिशा—निर्देशों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन दिया जाता रहा।यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया, जिसके तहत विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई। बाहरी जनपदों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए गए, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से घाटों तक पहुंचाया गया।
June 15, 2026खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक पेड मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। आज यहां खटीमा स्थित पूर्णागिरि मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वच्छता अभियान चलाते हुए मंदिर परिसर में साफ—सफाई की तथा एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्वच्छ और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण के लिए सभी नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लें तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही एक जनआंदोलन का रूप ले सकते हैं।
June 15, 2026मामला अंकिता भण्डारी हत्याकांड से है सम्बन्धित देहरादून। पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला बहुचर्चित अंकिता भण्डारी हत्याकंाड से जुड़ा हुआ है।एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि बीती 5 जनवरी को कोतवाली डालनवाला मेेंं दुष्यंत कुमार गौतम, राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखण्ड प्रदेश प्रभारी भाजपा द्वारा तहरीर देकर बताया गया कि सुरेश राठौर, पूर्व विधायक ज्वालापुर विधानसभा हरिद्वार व एक्ट्रेस उर्मिला सनावर के द्वारा कुछ राजनैतिक पार्टियों से मिलीभगत कर सुनियोजित रुप से आपराधिक षडयंत्र रचते हुए झूठी व मनगढंत ऑडियो व वीडियो बनाकर उनकी पार्टी एंव अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि खराब करने, झूठी ऑडियो व वीडियो का आपसी वार्तालाप करके सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शान्ति व्यवस्था भंग करने, उपद्रव व दंगे फैलाने का प्रयास किया गया है। मामले मेे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान साक्ष्य व तथ्यों के आधार पर आरोपी सुरेश राठौर के खिलाफ 308(6) बीएनएस की वृद्धि की गयी व पुलिस टीम द्वारा आरोपी सुरेश राठौर को बीती रात एक सूचना के आधार पर बहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया। जिसे आज न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
June 15, 2026घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के बुड्डी गांव में बीती रात हुई हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद हुई है। मृतक पेशे से वकील था और घटना के समय अपने छोटे भाई के साथ था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्ष्क प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बीती रात कोतवाली पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली कि भुड्डी गांव में एक युवक को अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर गोली मार दी, जिसे उसके परिजनों व आसपास के लोगो द्वारा नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस त्वरित घटना स्थल पर पहुंची। मौके पर मृतक युवक की पहचान सोहेल हारून पुत्र अब्दुल हारून निवासी ग्राम भुड्डी, कोतवाली पटेलनगर के रूप मे हुयी, मृतक के सम्बन्ध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मृतक अपने माता पिता तथा अन्य भाइयों के साथ उक्त घर में रहता था। 20—25 दिन पूर्व मृतक के माता पिता हज पर गये थे तथा मृतक अपने छोटे भाई शाहिद के साथ घर पर अकेला था। घटना के सम्बन्ध में सूचना देने वाले युवक सुहान पुत्र फुरकान से जानकारी करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उसके ताऊ का लड़का वसीम, जो ड्राइवर का काम करता है, उसके द्वारा उसे फोन कर जानकारी दी कि सोहेल के घर के पास गाड़ी को बैक करते समय उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी, जिस पर सुहान तत्काल सोहेल के घर गया, जहाँ उसके छोटे भाई ने उसे अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर उसके भाई सोहेल को गोली मारने की बात बतायी गयी थी, जिसके बाद वे सोहेल को लेकर नजदीकी अस्पताल गये थे। मृतक के भाई से जानकारी में भी उसके द्वारा अज्ञात व्यक्तियों ने घर में घुसकर उसके भाई को गोली मारना बताया गया। जिस पर पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गयी। पुलिस ने जब आस पास के सीसी कैमरे खंगाले तो पता चला कि उसमे से रिकार्डिग को हटायी गयी है। आसपास के कैमरों की फुटेजों में घटना के दौरान किसी भी व्यक्ति का घर के अन्दर न आना प्रकाश में आया। घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम को घर के बाथरूम में छिपाकर रखी गयी एक देशी पिस्टल बरामद हुयी, जिसके सम्बन्ध में मृतक के छोटे भाई से जानकारी करने पर वह कोई स्पष्ट जबाब नही दे पाया। जिस पर मृतक के छोटे भाई को शाहिद को पूछताछ हेतु हिरासत में लेते हुये थाने लाया गया, जहां उससे सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा घर से बरामद देशी पिस्टल से अपने भाई सोहेल को गोली मारकर उसकी हत्या करना स्वीकार किया गया तथा पुलिस से बचने के लिये अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके भाई को गोली मारने की झूठी जानकारी देना बताया गया, जिस पर शाहिद को पुलिस टीम द्वारा मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा पुलिस को गुमराह करने के लिये अपने परिजनों व आसपास के लोगो को भी घटना के सम्बन्ध में झूठी जानकारी देकर उकसाया गया तथा उनके साथ मिलकर अपने भाई सोहेल के शव को देहरादून पोन्टा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर सड़क को जाम किया गया जिससे आमजन को काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ा।जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शाहिद नशे का आदी है तथा अक्सर अपने महंगे शोको को पूरा करने तथा दोस्तों के बीच रौब झाड़ने के लिये वह अपने घर वालो तथा बड़े भाई सोहेल से पैसे लिया करता था, उसकी गलत आदतों की वजह से उसका बड़ा भाई सोहेल उसे अक्सर टोकता रहता था तथा कई बार उसके द्वारा उस पर हाथ भी उठाया था। कुछ दिन पूर्व उनके माता पिता के हज पर जाने के बाद सोहेल को जानकारी हुयी कि उसके पिता का एटीएम, जो सोहेल के पास रहता था, उसे आरोपी द्वारा चोरी कर अपने पास रख लिया था तथा एटीएम के माध्यम से लगभग 10 लाख रूपये अपने पिता के खाते से निकालते हुये उसे अपनी अय्यासी में खर्च कर दिये थे। इस बात को लेकर सोहेल का आरोपी से विवाद हो गया था तथा सोहेल ने उसके ऊपर हाथ उठाते हुये उसके साथ मारपीट कर दी थी। मारपीट से क्षुब्ध होकर आरोपी ने सोहेल की हत्या की योजना बनायी तथा घटना को अंजाम देने के लिये पिछले 2 दिनों से घर के सारे कैमरों की रिकार्डिग को बन्द कर कैमरों को लाइव मोड पर रख दिया। योजना के मुताबिक आरोपी द्वारा मौका देखकर बीती रातं अपने पास रखी देशी पिस्टल से अपने भाई को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी तथा घटना के बाद उक्त देशी पिस्टल को घर के बाथरूम में छिपाकर रख दिया।
June 15, 2026बीते कल देहरादून जनपद के सहसपुर थाना के अंतर्गत आने वाले गांव बैरागी वाला में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। संघर्ष की यह घटना हिंदू और मुस्लिम संप्रदाय के लोगों के बीच हुई थी इसलिए इसका सांप्रदायिक संघर्ष का रूप लेना स्वाभाविक ही था और हुआ भी ठीक वैसा ही। यह संघर्ष इस हद तक न पहुंचे इसे रोकने के प्रयास पूर्व समय में न तो स्थानीय नेताओं और शासन प्रशासन द्वारा किए गए लेकिन जैसे ही हत्या की खबर फैली पूरा गांव तथा तमाम हिंदू संगठनों के नेता कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि वहंा जमा हो गए शासन प्रशासन भी जाग गया। देखते ही देखते हालात इतने बिगड़ गए की हाईवे जाम से लेकर उग्र प्रदर्शन शुरू हो गए और मामले ने सांप्रदायिक रूप ले लिया। बड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया जा सका। लेकिन क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त है। पुलिस प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन तो दिया ही गया है साथ ही आरोपियों के घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई तक हो चुकी है। इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात हुई कहीं जा रही है तथा कुछ लोग लेनदेन का मामला भी बता रहे हैं लेकिन मामला कुछ भी रहा हो अब यह विशुद्ध रूप से हिंदू मुस्लिम का रूप ले चुका है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मुन्ना सिंह चौहान से लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने जिस तरह जिहादियों और आतंकियों से जोड़ते हुए सख्त लहजे में किसी भी सूरत में बक्शे न जाने की चेतावनी दी है और हिंदू संगठनों द्वारा अपराधियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई न करने पर बड़े आंदोलन प्रदर्शन की बात कही गई है उससे माहौल के जल्द सुधरने की उम्मीद कम ही दिखाई देती है। हालांकि प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में है तथा दो आरोपियों की गिरफ्तारी की बात भी कहीं जा रही है। वही इस घटना को कुछ लोगों तथा सोशल मीडिया में यह कहकर भी प्रचारित किया जा रहा है कि देहरादून में भी गाजियाबाद की पुनरावृत्ति। उल्लेखनीय है कि अभी ईद वाले दिन गाजियाबाद में एक हिंदू युवक की कुछ मुस्लिम लड़कों ने घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी थी इसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को एक एनकाउंटर में मार गिराया था। बैरागी वाला में खेत में काम करते समय किये इस हमले से एक बात तो सुनिश्चित है कि हमला योजनाबद्ध तरीके से ही किया गया है। कोई भी व्यक्ति किसी भी धर्म या जाति का हो उसे अपराध करने की छूट तो नहीं दी जा सकती है ऐसे लोगों के साथ शासन प्रशासन को सख्त से सख्त कार्यवाही जरूर करनी ही चाहिए तथा की भी जा रही है लेकिन किसी भी अपराध को सांप्रदायिकता बताकर उसका क्षेत्र विस्तार और आकार बढ़ाने का काम भी नहीं होना चाहिए। जो लोग किसी भी कारण से इसे सांप्रदायिक रंग दे रहे हैं और इसे सांप्रदायिक दंगों में तब्दील करने की कोशिश कर रहे हैं शासन प्रशासन को उन पर भी नजर रखनी चाहिए। प्रदेश में लंबे समय से लव जिहाद, थूक जिहाद और बायोग्राफी चेंज जैसे मुद्दों ने प्रदेश की आबो हवा को खराब कर रखा है और मोहम्मद दीपक की चर्चित कहानी भी हम आप सभी के सामने हैं सांप्रदायिकता का यह जहर किसी भी सूरत में समाज के लिए हितकर नहीं हो सकता है यह बात सभी को समझने की जरूरत है। 2027 के चुनाव आने वाले हैं ऐसे में इस तरह की घटना होने और उन्हें तूल दिए जाने की संभावनाएं हैं इसलिए सतर्कता भी जरूरी है और समझदारी भी।
June 15, 2026पारंपरिक कृषि और जैविक खेती को बढ़ावा देने का दिया संदेश खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने निजी आवास नगला तराई स्थित खेत में स्वयं टिलर चलाकर खेत की जुताई की तथा खेत में गोबर की प्राकृतिक खाद डालकर जैविक एवं पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया।आज यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने निजी आवास नगला तराई स्थित खेत में स्वयं टिलर चलाकर खेत की जुताई की तथा खेत में गोबर की प्राकृतिक खाद डालकर जैविक एवं पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस दौरान उनकी माता श्रीमती बिशना देवी भी उनके साथ उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने खेत में श्रम करते हुए किसानों के परिश्रम और कृषि परंपराओं के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि खेती केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मा है। आधुनिक तकनीक के साथ पारंपरिक और प्राकृतिक खेती को अपनाकर कृषि को अधिक समृद्ध एवं टिकाऊ बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोबर की खाद जैसी प्राकृतिक पद्धतियां भूमि की उर्वरता बढ़ाने के साथ—साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और जैविक उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान कृषि, ग्रामीण संस्कृति और प्रकृति से जुड़ी हुई है। राज्य सरकार पारंपरिक खेती, बागवानी, प्राकृतिक कृषि और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को भी खेती और ग्रामीण विकास से जोड़ना समय की आवश्यकता है।