August 26, 2026गोलियां बरसाकर दोनो बहनों को उतारा था मौत के घाट सम्पत्ति विवाद व चरित्र पर शक बना हत्याकांड की वजह हत्यारोपी का जीजा भी गोली लगने से गंभीर रूप से हुआ है घायल हरिद्वार। राखी से ऐन दो दिन पूर्व बीती रात हुई दो बहनों की गोलियां बरसा कर हत्या के मामले में पुलिस ने हत्यारे सगे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है। इस गोलीकांड में हत्यारे के जीजा को भी गोली लगी है। जिसका उपचार जारी है। हत्या की वजह सम्पत्ति विवाद व चरित्र पर शक करना बताया जा रहा है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार ने बताया कि बीती रात गणेशपुर रुडकी निवासी अर्जुन सिंह ने मामा विवेक उर्फ विक्की द्वारा फायरिंग कर मां व मौसी की हत्या करने और इस दौरान मौसा के गोली लगने से गम्भीर रुप से घायल होने के संबंध में दिये गए शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली गंगनहर पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी पुलिस टीम द्वारा एक सूचना के बाद देर रात आरोपी विवेक उर्फ विक्की को चूडा मणी मन्दिर चौक के पास चुडियाला भगवानपुर से एक तमंचा, 6 खोखा कारतूस व घटना में इस्तेमाल बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।बताया कि प्रारंभिक तौर पर संपत्ति विवाद और चरित्र पर शक हत्या के पीछे की वजह नजर आ रही है। वास्तविक कारणों के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है। बहरहाल पुलिस ने हत्यारोपी भाई को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
August 26, 2026देहरादून । भगवान शिव की शोभायात्रा से पूरी दून नगरी भक्तीमय हो गयी। शोभायात्रा का कई स्थानों पर स्वागत किया गया इस दौरान भंडारों का भी आयोजन किया गया। आज प्रातः दस बजे शोभायात्रा के शिवाजी धर्मशाला से प्रस्थान करने पर पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यस्था में परिवर्तन किया गया। निंरजनपुर मंडी लालपुल व मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को जीएमएस रोड़ की ओर डायवर्ट किया गया एवं प्रिन्स चौक, रेलवे स्टेशन से आने वाले यातायात को रोक—रोक कर छोड़ा गया। शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पर पहुंचने से पूर्व बल्लीवाला व लक्ष्मण चौक से कोई भी वाहन सहारनपुर चौक की ओर नही आने दिया, वाहनों को बल्लीवाला से कमला पैलेस की ओर व लक्ष्मण चौक से पार्क रोड़ की ओर भेजा गया। शोभायात्रा के सहारनपुर चौक से झंडा बाजार में प्रवेश करने तथा सहारनपुर चौक पर यातायात के सामान्य होने पर सभी डायवर्जन को सामान्य कर दिया गया। इस दौरान सहारनपुर चौक व भण्डारी चौक पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा भंडारे का प्रशाद बांटा गया। शोभायात्रा के घंटाघर पहुंचने प्रदेश सरकार के द्वारा हैलीकाप्टर से फूलों की वर्षा की गयी। घंटाघर से चकराता रोड जाने वाले यातायात को दिलाराम चौक की ओर से अपने गंतव्य स्थान की ओर भेजा गया। इस दौरान एलआईसी बिल्डिग के पास भी भव्य भंडारे का आयोजन किया गया तथा शोभायात्रा में चल रहे श्रद्धालुओं का फूल वर्षा कर स्वागत किया गया।शोभायात्रा के बल्लूपुर की ओर से आने वाले यातायात को बल्लूपुर से किशननगर चौक से बिन्दाल चौकी कट, बिन्दाल / कैण्ट क्षेत्र की ओर होते हुए दिलाराम चौक की ओर यातायात के दबाव के अनुसार डायवर्ट किया गया। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा बिन्दाल कट पास करने पर सभी डाईवर्जन सामान्य किये गया। शोभायात्रा के पोस्ट ऑफिस पहुंचने पर वाटिका तिराहा से आने वाला यातायात आकाशगंगा तिराहा होते हुए पोस्ट ऑफिस की ओर भेजा गया व पोस्ट ऑफिस से वाटिका तिराहा जाने वाले यातायात को रोक—रोक कर छोड़ा गया। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा डाकरा रोड़ पास करने पर यातायात सामान्य कर दिया गया। शोभायात्रा के टपकेश्वर मंदिर पहुंचने पर यातायात को समान्य कर दिया गया।
August 26, 2026काठमांडू । उत्तरी नेपाल में बुधवार सुबह अचानक आई बाढ़ ने सीमावर्ती बस्तियों में भारी तबाही मचाई और निचले इलाकों के कई जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे भोटे कोशी नदी में अचानक बाढ़ आ गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिनमें गाड़ियां बहती नजर आ रही हैं, पुल टूट गए हैं, लोग चीख—चिल्ला रहे हैं और कई घर मलबे में तब्दील हो गए हैं। भोटेकोशी नदी अपने साथ सबको बहा को ले जा रही है। बड़ी—बड़ी इमारत ताश के पत्तों की तरह बह रही है। काठमांडू पोस्ट के अनुसार अब तक कम से कम 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।बाढ़ के पानी ने बॉर्डर पर बसी बस्तियों में भारी तबाही मचाई है, जिसकी वजह से निचले इलाकों के कई जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पानी तिब्बत की ओर से आया। बाढ़ से रसुवा जिले के तिमुरे और समीपवर्ती स्याफ्रुबेसी इलाके में भारी नुकसान हुआ तथा वाहन, सामान और अन्य संपत्ति बह गई। आशंका है कि इस प्राकृतिक आपदा में बड़ी संख्या में जान—माल का नुकसान हुआ है।बाढ़ के बाद कुल 28 सुरक्षाकर्मी लापता बताए जा रहे हैं। इनमें 19 नेपाल पुलिस और 9 आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवान शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रसुवागढ़ी पुलिस पोस्ट पर तैनात 22 पुलिसकर्मियों में से 13 से संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीं, स्याब्रूबेसी क्षेत्र में तैनात नौ पुलिसकर्मियों में से छह से संपर्क टूट गया है। इसके अलावा तिमुरे बॉर्डर आउटपोस्ट पर तैनात नौ जवानों से भी संपर्क नहीं हो पाया है। नेपाल के बाढ़ को देखते हुए बिहार के कई जिलों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा के नदी किनारे रहने वाले लोगों से अगले आदेश तक अत्यधिक सर्तक रहने और सुरक्षा उपाय करने की अपील की है। जल विज्ञान एवं मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को आई बाढ़ रसुवा में हुई बारिश के कारण नहीं आई है।रसुवा के सहायक मुख्य जिला अधिकारी ध्रूव प्रसाद अधिकारी ने कहा कि बाढ़ का स्तर असामान्य रूप से अधिक था और दोनों बस्तियों को काफी नुकसान हुआ है। नेपाल सेना ने त्रिशूली नदी के आसपास के इलाकों में खोज एवं बचाव अभियान चलाने के लिए दो हेलीकॉप्टर भेजे हैं।नेपाल की इस आपदा के बाद बिहार भी हाई अलर्ट पर है। बिहार आपदा प्रबंधन विभाग ने गंडक नदी में फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई, जिसमें एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली जिलों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। सभी जिलाधिकारियों को नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों, पुल—पुलियों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा स्थानीय समुदाय को समय पर अलर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।रसुवा के मुख्य सीमा शुल्क अधिकारी राजेंद्र ढुंगाना ने बताया कि सीमा शुल्क परिसर में रखे कई वाहन और सामान पानी में बह गए। हाल में बनाया गया एक पुल भी बह गया। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि भीषण बाढ़ को देखते हुए बचाव और राहत अभियान तेज करने के लिए रसुवा और आसपास के इलाकों में नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। बाढ़ के बाद की स्थिति पर चर्चा करने और उससे निपटने के लिए जरूरी कदम उठाने को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जा रही है। नेपाल सेना ने त्रिशूली नदी के आसपास के इलाकों में खोज एवं बचाव अभियान चलाने के लिए दो हेलीकॉप्टर भेजे हैं। सेना ने एक बयान में बताया कि आपातकालीन चिकित्सा बचाव दल से लैस एक एमआई—17 हेलीकॉप्टर को त्रिशूली स्थित जिला अस्पताल की ओर रवाना किया गया है।
August 26, 2026लूटे गए चांदी के सिक्के, मूर्ति, एप्पल फोन घटना में प्रयुक्त कैंची व बाइक बरामद हरिद्वार। ज्वैलस से हुई लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर लुटेरेो को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से लूटे गये चांदी के सिक्के, मूर्ति, एप्पल फोन, घटना में प्रयुक्त कैंची व बाइक बरामद की गयी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि बीती 21 अगस्त को प्रदीप कुमार शर्मा पुत्र स्व. धर्मचंद, निवासी शिवलोक कॉलोनी ने कोतवाली रानीपुर पर तहरीर देकर बताया कि रात के समय तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से उनका पीछा कर उनके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया। बदमाश वादी का बैग छीनकर उसमें रखे लगभग 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, एप्पल आईफोन मोबाइल, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गयी। लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम द्वारा बीती रात एक सूचना के आधार पर मटेरियल गेट बीएचईएल के पास संदिग्ध बाइक रोककर उसमें सवार तीनों व्यक्तियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होने अपना नाम रितिक उर्फ टोपो पुत्र स्व. बिनोद चौधरी, निवासी ग्राम खंजरपुर, थाना मोदीनगर, जनपद गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश, सौरभ पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम टांडा साहूवाला, थाना बढ़ापुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश व राजीव सैनी उर्फ सागर पुत्र अमृत सैनी, निवासी ग्राम चांदपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार बताया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कावड़ मेला के दौरान बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी और दुकान का सामान लेने कनखल आते थे, सुनार की दुकान के पास में जहां से इन्होंने देखा कि ज्वेलर्स बूढ़ा व्यक्ति है और उसके संबंध में जानकारी लेना शुरू कर दिया दिनांक 11 अगस्त को भी इन्होंने ज्वेलर्स का पीछा किया था लेकिन उस दिन अपने प्लान में सफल नहीं हो पाए उसके बाद 21 अगस्त की रात सुनार का पीछा करते हुए शिवलोक कॉलोनी पहुंचे। वहां मौका पाकर पहले कैंची से वादी के बैग को लटकाने वाला पटृा काटा गया फिर बैग लूट लिया गया। ज्वैलर्स द्वारा अपना बचाव करने का प्रयास करने पर आरोपियों ने उसके साथ छीना—झपटी की कैंची से वार करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद तीनों बदमाश मौके से फरार होकर लूटा गया सामान राजा गार्डन, जगजीतपुर, हरिद्वार स्थित रितिक उर्फ टोपो के कमरे पर ले गए। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर उक्त कमरे पर पहुंचकर तलाशी ली गई, जहां से घटना में लूटा गया सामान बरामद किया गया।
August 26, 2026देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया।आज यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन एवं आदर्श औघोगिक स्वायत्त सहकारिता (आदर्श संस्था) द्वारा मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता—निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक एवं अन्य कलाकारों के साथ ही आदर्श संस्था के पदाधिकारियों को इस प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को गीत—संगीत के माध्यम से जन—जन तक पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को प्रोत्साहित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस अवसर पर आदर्श संस्था की अध्यक्ष श्रीमती आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों तथा जनहित में लिए गए विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णयों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी एवं सुश्री शिवानी नेगी, संगीतकार विजयपाल कलूड़ा सहित एल्बम से जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती आशा कोठारी ने की तथा संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल, प्रदीप दुग्गल, विजय असवाल, शोभित उनियाल, गिरीश भटृ, लक्ष्मी नारायण नवानी, आदित्य नौटियाल, सहदेव सिंह बिष्ट, श्रीमती सपना जवाड़ी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
August 26, 2026जामताड़ा के बाद अब बिहार का “मगध” बना साइबर फ्रॉड का नया ठिकाना हरिद्वार। जामताड़ा की तर्ज पर चल रहे बिहार के “मगध साइबर गैंग” का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 5 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से 35 एटीएम कार्ड, 14 बैंक पासबुक एवं 17 सिम कार्ड, 18 मोबाइल फोन एवं 2 लैपटॉप 37500 की नगदी सहित भारी मात्रा में डिजिटल सामग्री बरामद गयी गयी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कोतवाली श्यामपुर पुलिस की टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की लगातार चेकिंग करते हुए एक संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया। बताया कि बीती रात पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में कुछ व्यक्ति साइबर फ्रॉड से जुड़े हुए हैं। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने रसियाबड़ सिंगल लाइन प्वाइंट पर चेकिंग अभियान चला दिया। इस दौरान चिड़ियापुर की ओर से आती हुई स्विफ्ट कार को रोककर चेक किया गया। कार में सवार 5 व्यक्तियों की तलाशी एवं वाहन की तलाशी के दौरान एक पिठ्ठू बैग से भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप एवं नगदी बरामद हुई। बरामद पासबुकों में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक, एसबीआई, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडियन बैंक एवं द नैनीताल बैंक लिमिटेड सहित विभिन्न बैंकों के खाते पाए गए। इनमें ऋषिकेश , हरिद्वार , कनखल , देहरादून एवं आसपास के क्षेत्रों से संबंधित खाताधारकों की बैंकिंग जानकारी मिली। बरामद बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड एवं मोबाइल फोन के प्रारंभिक परीक्षण में व्हाट्सप्प चैट, बैंक खाता विवरण, क्यूआर कोड तथा पैसों के लेन—देन से संबंधित बातचीत सामने आई। प्रारंभिक बैंकिंग एवं डिजिटल विश्लेषण में 2.75 करोड़ से अधिक के संदिग्ध डिजिटल लेन—देन के महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्थानीय लोगों से बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड एवं सिम प्राप्त करते थे। इन खातों का एटीएम पिन एवं यूपीआई आईडी तैयार कर उनका एक्सेस अपने पास रखते थे। साइबर फ्रॉड की रकम खाते में आने के बाद उसे म्यूल अकाउंट यूपीआई दूसरे खाते एटीएम /सीडीएम कैश के माध्यम से निकालकर आपस में कमीशन के रूप में बांटा जाता था। गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश नालंदा एवं नवादा, बिहार के निवासी हैं। पूछताछ में बिहार क्षेत्र से जुड़े अन्य व्यक्तियों द्वारा बैंक खाते उपलब्ध कराने एवं साइबर फ्रॉड की रकम के संबंध में सूचना देने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम कृष्णा पाण्डे निवासी नालंदा, बिहार, निरंजन कुमार निवासी नवादा, बिहार, सन्नी निवासी हरिद्वार, चन्द्रमणि कुमार निवासी नवादा, बिहार व चन्दन पाण्डे निवासी हरिद्वार बताये जा रहे है।