भाजपा के आठ साल बेमिसाल

0
251

सीएम धामी ने गिनाई केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां
उत्तराखंड के विकास को मिली नई रफ्तार
गरीब कल्याण योजनाओं से गरीबों को मिली मदद

हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और समाज को नई दिशा मिली है। विश्व राष्ट्रों में भारत का सम्मान बढ़ा है। केंद्र सरकार द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचा है। जिससे गरीबों का जीवन आसान हुआ है।
आज हल्द्वानी के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने अनेक ऐसे काम किए हैं जिनके बारे में कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। कश्मीर से धारा 370 को हटाए जाने और पाकिस्तान पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक को बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारत को एक सशक्त राष्ट्र और उभरती हुई बड़ी आर्थिक ताकत के रूप में देख रहा है। प्रधानमंत्री ने देश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो सम्मान बढ़ाया है वह असाधारण है।
उन्होंने कोरोना काल में देश के लोगों को मिली सरकारी मदद का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों तक मुफ्त राशन पहुंचाने और सभी को मुफ्त कोरोना का टीका उपलब्ध कराना कोई साधारण काम नहीं था। इस दौरान देश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में बड़ा सुधार आया है। देश के गरीब परिवारों के कल्याण के लिए चलाई जाने वाले तमाम योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का पैसा बिचौलिए हड़प लेते थे और अब यह पूरा पैसा गरीबों के खाते में जाता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड प्रेम का आभार जताते हुए कहा कि चार धाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश—कर्णप्रयाग रेल लाइन, दून—दिल्ली एलिवेटेड रोड जैसी योजनाओं से विकास के नए द्वार खुले हैं। उन्होंने केंद्र की वन रैंक वन पेंशन योजना और केदारनाथ के साथ—साथ धामों के पुनर्निर्माण की योजना को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि यह दशक उत्तराखंड के विकास का दशक होगा।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चंपावत का चुनाव परिणाम भी ऐतिहासिक होगा। भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीतेगी, उन्होंने कहा कि कल परिणाम आ जाएगा।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम को दिखाए काले झंडे, गिरफ्तार
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आज हल्द्वानी दौरे के दौरान विरोध का सामना करना पड़ा। यूथ कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए। इस दौरान उनकी पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आईएसबीटी के निर्माण और स्टेडियम को जल्द शुरू करने तथा सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री धामी को काले झंडे दिखाने की कोशिश की। पुलिस द्वारा रोके जाने पर उनकी पुलिस कर्मियों से झड़पें भी हुई। पुलिस प्रदर्शनकारी युवकों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here