Home News Posts सिक्किम में निर्माणाधीन सुरंग हादसे में 7 मजदूरों की मौत, कई फंसे

सिक्किम में निर्माणाधीन सुरंग हादसे में 7 मजदूरों की मौत, कई फंसे

0
79

नई दिल्ली। सिक्किम के नामची जिले में एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में बड़ा हादसा हो गया। सुरंग के अंदर मीथेन गैस में विस्फोट होने के बाद भूस्खलन हुआ, जिससे सुरंग का एक हिस्सा बंद हो गया और 27 से ज्यादा मजदूर अंदर फंस गए.जिला प्रशासन के मुताबिक अब तक 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के मुताबिक, सुरंग के अंदर करीब 1.5 किलोमीटर तक मीथेन गैस जमा हो गई थी। गैस को बाहर निकालने की कोशिश के दौरान विस्फोट हुआ, जिसके बाद सुरंग का रास्ता मलबे से बंद हो गया। हादसे के बाद कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई मजदूर अब भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि, सुरंग के अंदर जहरीली गैस, ऑक्सीजन की कमी और बेहद कम दृश्यता के कारण बचाव अभियान में भारी मुश्किलें आ रही हैं। शुरुआती रेस्क्यू के दौरान फायर ब्रिगेड के कई जवानों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद अभियान रोकना पड़ा. हालांकि फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
बचाव अभियान को तेज करने के लिए पश्चिम बंगाल से विशेष गैस-प्रोटेक्शन उपकरणों से लैस टीम भी बुलाई गई है। एंबुलेंस मौके पर तैनात हैं और गैस मास्क व सुरक्षा उपकरणों के साथ रेस्क्यू टीमें लगातार मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक, सुरंग में जहरीली मीथेन गैस, संकरा रास्ता और कम दृश्यता बचाव अभियान को बेहद चुनौतीपूर्ण बना रहे हैं। फिलहाल सभी एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here