May 3, 2026उधमसिंहनगर। पति की हत्यारी पत्नी को पुलिस ने प्रेमी सहित गिरफ्तार कर लिया है। हत्याारोपी पत्नी ने पति की हत्या के लिए जहर और शराब प्रेमी से मंगवायी थी। हत्या के बाद दोनो ने शव को नहर में फेंक दिया था। जिसके शव की तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार बीती 1 मई को चन्द्रवती पत्नी स्व. रामप्रसाद निवासी ग्राम खानपुर उत्तरी मझरा रज्जावाला थाना स्वार जनपद रामपुर द्वारा थाना आईटीआई काशीपुर में तहरीर देकर बताया गया था कि उनका पुत्र कुलवन्त सिंह दिनांक 25 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड्डी के पास ग्राम वांसखेड़ा थाना काशीपुर जाने की बात कहकर घर से गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। बताया कि बहू गुड्डी से पूछताछ करने पर उसने भ्रामक जानकारी दी। स्थानीय लोगों से पता चला कि दिनांक 25 अप्रैल को पति—पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद से कुलवन्त लापता है। वादिनी को अपनी बहू पर संदेह हुआ। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जंाच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी गुड्डी का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या निवासी मसवासी, स्वार रामपुर से प्रेम प्रसंग था। सर्विलांस के माध्यम से दोनों की लोकेशन घटना के समय एक ही स्थान पर पाई गई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी गुड्डी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था तथा उसका उत्पीड़न करता था, जिससे तंग आकर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। बताया कि 25 अप्रैल को महिला ने अपने प्रेमी से जहर, शराब व अन्य सामग्री मंगवाई और अपने पति को जहर मिली शराब पिलाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद प्रेमी को बुलाकर शव को कार में रखकर तुमड़िया डैम से निकलने वाली बड़ी नहर में एनएच—74 बाईपास पुल से फेंक दिया गया। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गुड्डी एवं उसके प्रेमी कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गई है। दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस एवं एसडीआरएफ टीम द्वारा बताये गये नहर क्षेत्र में मृतक कुलवन्त के शव की सघन तलाश की जा रही है, जिसकी बरामदगी अभी शेष है। गिरफ्तार अभियुक्तगण को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
May 3, 2026देहरादून। उत्तराखंड में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी देंहरादून में आज सुबह तेज आंधी—तूफान के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अचानक मौसम बदलने से शहर में अंधेरा छा गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखण्ड के कई जिलों में मौसम खराब बना रहेगा। खासतौर पर उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए, ट्रैकिंग गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जाए, राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा जाए, सड़कों के अवरुद्ध होने पर तुरंत बहाली सुनिश्चित की जाए साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और बीआरओ को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।विघालयों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ग्राम स्तर तक अधिकारियों को सक्रिय रहने के आदेश जारी किए गए हैं। सभी आपदा उपकरण और संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
May 3, 2026चमोली। भारतीय सेना की 418 इंडिपेंडेंट फील्ड कंपनी (9 माउंटेन ब्रिगेड) की टीम और गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के सेवादार आज श्री हेमकुंट साहिब गुरुद्वारा कॉम्प्लेक्स तक पहुंच गए हैं। संयुक्त टीम ने गुरुद्वारा कॉम्प्लेक्स के द्वार गुरु से अरदास के पश्चात खोल दिए, जिससे अब टीम यहीं पर रहकर कार्य कर सकेगी। इससे पहले उन्हें हर शाम घांघरिया वापस लौटना पड़ता था। टीम अब हेमकुंट साहिब से अटलकोटी ग्लेशियर प्वाइंट तक नीचे की ओर ट्रैक को चौड़ा करने का कार्य करेगी, ताकि तीर्थयात्रियों के लिए मार्ग और अधिक सुगम व सुरक्षित हो सके। कई दशकों से भारतीय सेना हिमालय की कठिन भौगोलिक स्थिति में इस गौरवपूर्ण और निःस्वार्थ सेवा का कार्य प्रतिवर्ष कर रही है, ताकि हेमकुंट साहिब यात्रा सुरक्षित और सफल हो सके। गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ने भारतीय सेना तथा सभी सेवादारों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। श्री हेमकुंट साहिब गढ़वाल हिमालय में लगभग 4,632 मीटर (15,200 फीट) की ऊंचाई पर स्थित एक अत्यंत पवित्र सिख तीर्थस्थल है, जो बर्फ से ढंके पर्वत शिखरों और स्वच्छ झील से घिरा हुआ है।
May 3, 2026देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी मामलों तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों एवं मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को तत्काल प्रेषित करते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्राप्त हो। जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम शासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं, जिनके माध्यम से सरकार को जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी प्राप्त होती है और उनके समाधान के लिए प्रभावी निर्णय लिए जा सकते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गये हैं कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरलता एवं समयबद्ध रूप से लोगों को प्राप्त हो।इस अवसर पर फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा में श्रद्धालु के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन बेहतर यात्रा व्यवस्थाओं के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी उनकी समस्याओं और मांगों पर सकारात्मक आश्वासन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
May 3, 2026पिथौरागढ़। जमीनी फर्जीवाड़े के मामले में बड़ी कार्यवाही करते हुए पुलिस ने दो ठगो को गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।जानकारी के अनुसार बीते 3 सितंबर 2025 को कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र की एक महिला द्वारा तहरीर दी गई थी कि जमीन खरीद—फरोख्त के नाम पर उनसे लगभग 12 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की गयी है। इस संबंध में कोतवाली पिथौरागढ़ में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की जांच के दौरान उपनिरीक्षक जितेन्द्र सोराड़ी मय टीम द्वारा पूर्व में एक अभियुक्त किशन कोहली को गुरुग्राम, हरियाणा से गिरफ्तार किया गया था। मामले में प्रकाश में आए दो अन्य अभियुक्त संजय प्रसाद निवासी जाखनी, प्रियांशु नाथ निवासी चौसर को गिरफ्तार किया है।
May 3, 2026यातायात नियमों के उल्लंघन पर 91 वाहन चालकों के एमवी एक्ट में चालान देहरादून। पुलिस ने नाईट स्ट्राइक चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 91 वाहन चालकों का एमवी एक्ट में चालान कर 68500 का जुर्माना वसूल किया।आज यहां मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों पर अपराधियों के विरूद्ध सम्पूर्ण राज्य में चलाये जा रहे अभियान ट्टऑपेरशन प्रहार’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थों को अपने—अपने क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए है, जिसके अनुपालन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में दून पुलिस द्वारा लगातार सघन चैकिंग अभियान चलाते हुए आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में रात्रि एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की अलग—अलग टीमों द्वारा संदिग्धों की तलाश हेतु उनके ठिकानों पर औचक छापेमारी की कार्यवाही करते हुए सम्पूर्ण जनपद में सघन चैकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान डालनवाला पुलिस द्वारा रात्रि में पब/बार/रेस्टोरेंट की चैकिंग के दौरान थाना क्षेत्रान्तर्गत क्लदेंजल क्लब 90 बार के संचालक द्वारा निर्धारित समयावधि के बाद भी बार को संचालित करने पर संचालक का 83 पुलिस अधिनयम में तथा बार मे डीजे बजा रहे 02 व्यक्तियों के 81 पुलिस एक्ट में चालान किये गए। इसके अतिरिक्त पुलिस टीमो द्वारा रात्रि में घूम रहे सभी वाहनो/ व्यक्तियों की सघन चेकिंग सुनिश्चित की गई। इस दौरान पुलिस टीमो द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 35 वाहन चालकों को अलग— अलग थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया तथा यातायात नियमों के उल्लंघन करने पर 38 वाहनों को सीज किया गया, साथ 91 वाहन चालकों के एमवी एक्ट में चालान कर 68500 का जुर्माना वसूला गया तथा 40 वाहन चालकों के न्यायालय के चालान किये गए। इस दौरान देर रात्रि में घूम रहे 600 से अधिक व्यक्तियों को पुलिस द्वारा चौक कर उनसे मौके पर पूछताछ करते हुए उनके सत्यापन की कार्रवाई की गई तथा अलग—अलग थाना क्षेत्र में 75 संदिग्ध व्यक्तियों के 81 पुलिस एक्ट में चालान कर कुल 18750 रूपये का जुर्माना वसूला गया, इसके अतिरिक्त 18 संदिग्धों को 172 इदेे में हिरासत में लेते हुए थानों पर लाया गया।