June 10, 2026देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि संस्थान द्वारा 11 एवं 12 जून को “दालचीनीः प्रवर्धन, सतत खेती एवं कटाई उपरांत प्रौघोगिकियों में नवाचार” विषय पर एक अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार एवं कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।आज यहां कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मीडिया सेंटर, सचिवालय में सगन्ध पौध केन्द्र, देहरादून में आयोजित होने वाली दालचीनी विषयक दो दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय संगोष्ठी के सम्बन्ध में प्रेस वार्ता की। इस मौके पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री के देश के सबसे अधिक कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सेलाकुई, देहरादून स्थित सगन्ध पौधा केन्द्र का नाम परफ्यूमरी एवं सगन्ध अनुसंधान एवं विकास संस्थान किया गया है। यह संस्थान एरोमैटिक सेक्टर का एक प्रमुख संस्थान है, जो सगन्ध पौधों कीे खेती, प्रशिक्षण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण, अनुसंधान एवं विकास तथा व्यवसायीकरण के क्षेत्र में कार्यरत है। विगत दो दशकों में संस्थान द्वारा शोध कार्यों के माध्यम से राज्य में सगन्ध खेती के द्वारा लगभग 10 हजार हे. भूमि को आच्छादित किया है, जिससे 109 एरोमा कलस्टरों में 29 हजार किसान खेती कर रहे है तथा 200 से अधिक फील्ड डिस्टीलेशन यूनिट स्थापित की गयी है। वर्ष 2003 में जहां एरोमैटिक सेक्टर का टर्नओवर रु. 02 करोड था वहीं वर्ष 2025 में बढकर रू. 100 करोड़ से अधिक पहुँच चुका है। उन्होंने बताया कि राज्य में सगन्ध खेती की सफलता एवं स्वीकार्यता को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा एरोमैटिक सेक्टर को बढ़ाने हेतु महक क्रान्ति नीति 2026 लागू की गयी है। इसके अन्तर्गत लगभग 23 हजार हे. भूमि को सगन्ध खेती से आच्छादित कर 91 हजार कृषकों को लाभान्वित किया जायेगा तथा 7 एरोमा वैलियां भी विकसित की जायेंगी। इस नीति के अंतर्गत चम्पावत एवं नैनीताल जनपदों में लगभग 5200 हेक्टेयर क्षेत्रफल में “सिनेमन वैली” विकसित की जा रही है, जिससे किसानों, उघमियों और उघोगों के लिए नए अवसर सृजित होंगे। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा 11 एवं 12 जून 2026 को “दालचीनीः प्रवर्धन, सतत खेती एवं कटाई उपरांत प्रौघोगिकियों में नवाचार” विषय पर एक अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार एवं कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन उत्तराखण्ड सरकार की महत्वाकांक्षी “उत्तराखण्ड महक क्रांति नीति 2026—36” के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य दालचीनी की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देना, किसानों को उन्नत तकनीकों एवं वैश्विक अनुभवों से परिचित कराना, अनुसंधान, उघोग और कृषकों के बीच समन्वय स्थापित करना, गुणवत्ता आधारित उत्पादन एवं मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करना, खाघ सुरक्षा, गुणवत्ता मानकों एवं निर्यात आवश्यकताओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सिनेमन आधारित उघमिता एवं निवेश को प्रोत्साहित करना, उत्तराखण्ड को दालचीनी उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। बताया गया कि इस सेमिनार में दालचीनी (सिनेमन) से सम्बन्धित अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है, जिसमें श्रीलंका के नेशनल सिनेमन रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर के विशेषज्ञ एवं प्योर सिनेमन एक्सपोर्ट्स के निदेशक तथा इंडोनेशिया से रिसर्च सेंटर फॉर एस्टेट क्रॉप्स के विशेषज्ञ प्रतिभाग करेंगे। इनके अतिरिक्त भारत के प्रमुख संस्थानों के विशेषज्ञ, 40 डेलीगेशन एवं 50 सिनामन के किसानों एवं विभिन्न विभागीय अधिकारियों आदि द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। इस मौके पर निदेशक, संगध पौधा केन्द्र (कैप) सेलाकुंई डॉ. नृपेन्द्र चौहान भी मौजूद रहे।
June 10, 2026जम्मू। उरी के कमलकोट सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल के पास एक कैंप में हैंड ग्रेनेड के अचानक फटने से भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए हैं। यह घटना उस समय हुई जब वे अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। ग्रेनेड फटने के बाद वो बुरी तरह जख्मी हुए थे और उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया लेकिन जवानों ने दम तोड़ दिया। ये दोनों जवान महाराष्ट्र के रहने वाले थे। यह धमाका एलओसी के पास बेहद संवेदनशील कमलकोट सेक्टर में हुआ, जहां बारूदी सुरंगों (लैंडमाइन्स) और बिना फटे विस्फोटक पदार्थों की मौजूदगी से लगातार बड़ा खतरा बना रहता है। धमाका कैसे हुआ, इसके पीछे की क्या वजह है, इसकी जांच चल रही है। सेना के अधिकारी घटना के सभी पहलुओं की जांच करने में जुटे हुए हैं।दोनों जवान 8 राष्ट्रीय राइफल्स के थे, जम्मू-कश्मीर में घाटी के बारामूला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिलों में 740 किलोमीटर लंबी एलओसी (नियंत्रण रेखा) है, जम्मू डिवीजन में, एलओसी पुंछ, राजौरी और कुछ हद तक जम्मू जिले में है। इसके अलावा, इस केंद्र शासित प्रदेश की 240 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है, जो जम्मू डिवीजन के सांबा, जम्मू और कठुआ जिलों से होकर गुजरती है।बता दें कि एलओसी की सुरक्षा सेना करती है, जबकि अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स करती है। सीमा पार से होने वाली घुसपैठ, बाहर निकलने की कोशिश, तस्करी और ड्रोन गतिविधियों को रोकने के लिए सेना और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स दोनों को सीमा पर तैनात किया गया है। दुश्मन किसी भी तरह से कोई भी अराजकता न फैला पाएं इसकी निगरानी हमेशा जवान करते रहते हैं। जम्मू कश्मीर के कई जिलों में सैन्य अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके जरिए अराजकता फैलाने वालों को दबोचा जा रहा है।
June 10, 2026देहरादून। सड़क दुर्घटना में आज सुबह एक कार के खाई में गिर जाने से चार पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ व पुलिस ने मौके पर पहुंच कर रेस्क्यू अभियान चलाया और स्थानीय लोगों की मदद से चारों शवों को बाहर निकाला। जिसमे अंग्रिम कार्यवाही जारी है।पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आज दोपहर के आसपास झड़ीपानी शॉर्टकट रोड पर एक कार तेज रफ्तार में जा रही थी। अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क के किनारे से फिसलकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। कार में कुल चार लोग सवार थे, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर कठिन परिस्थितियों में ऑपरेशन शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार चारों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी है।स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि कार सवारों ने दुर्घटना से पहले पास की एक दुकान से कुछ सामान खरीदा था। बातचीत में उन्होंने स्वयं को उत्तरकाशी का बताया था। सामान लेने के बाद जैसे ही वे कार में बैठे, वाहन ढलान की ओर तेजी से बढ़ने लगा और नियंत्रण खोते हुए खाली प्लॉट से होकर गहरी खाई में जा गिरा।वर्तमान में पुलिस, एसडीआरएफ एवं अन्य बचाव एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू कार्य जारी है। टीमों द्वारा मृतकों के शवों को गहरी खाई से निकालकर मुख्य सड़क मार्ग तक लाने का कार्य किया जा रहा है, जिसके उपरांत अग्रिम विधिक कार्यवाही पुलिस द्वारा की जाएगी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश, निवासी सोनीपत, हरियाणा मानित, उम्र 19 वर्ष, निवासी गाजियाबाद सविता, उम्र 48 वर्ष, पत्नी धर्मवीर, निवासी गाजियाबाद व संगीता, उम्र 46 वर्ष, पत्नी टीटू, निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में की गयी है।
June 10, 2026पति—पत्नी व देवर पर मुकदमा दर्ज पांच आरोपियों को पूर्व में ही भेजा जा चुका है जेल देहरादून। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखण्ड द्वारा राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानान्तरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की वैधता एवं सत्यता की जांच के उपरान्त 4 जून को ऊधमसिंह नगर की काशीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मुकदमें की विवेचना के क्रम में कल देर रात्रि उत्तराखण्ड एसटीएफ व ऊधमसिंह नगर पुलिस ने ज्वाइंट ऑप्रेशन में कार्यवाही करते हुए काशीपुर क्षेत्र से 4 हथियार व 237 कारतूस एक स्विफ्ट कार से बरामद किये गये। जिन्हें एसटीएफ द्वारा काशीपुर कोतवाली में ले जाकर दाखिल कराया गया। मामले में जांच के दौरान पति—पत्नी व देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि बरामद शस्त्र, कारतूस, कूटरचित लाइसेंस एवं वाहन मुकदमा उपरोक्त में नामजद आरोपी सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल पुत्र राकेश अग्रवाल निवासी काशीपुर व दीप्ति अग्रवाल पत्नी सौरभ अग्रवाल निवासी काशीपुर के हैं। जिस सम्बन्ध में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।बताया कि एसटीएफ. द्वारा राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले की जांच की जा रही है और एसटीएफ द्वारा राज्य में इस सम्बन्ध में विभिन्न जनपदो में 3 मुकदमें दर्ज कर संलिप्त 5 आरोपियों को जेल भेजा गया है तथा अब तक 5 अवैध शस्त्र व फर्जी लाइसेंस बरामद किये जा चुके हैं।एसएसपी द्वारा बताया गया कि कल रात्रि एसटीएफ को काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में अवैध हथियार होने का गोपनीय इनपुट प्राप्त हुआ था जिस पर मेरे द्वारा टीम को निर्देशित किया गया था। टीम द्वारा स्थानीय पुलिस को साथ लेते हुए रात्रि में कार्यवाही करते हुए उक्त स्विफ्ट कार को कब्जे में लेते हुए उसके अन्दर से 4 अवैध हथियार व 237 कारतूस , 4 मैंगजीन व 7 कूटरचित लाइसेंस बरामद किये गये।उक्त के अतिरिक्त राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानान्तरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों एवं उनके धारकों का सत्यापन जारी है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे भी लगातार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक शांति एवं कानून—व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं तथा ऐसे मामलों में उत्तराखण्ड पुलिस “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।
June 9, 2026देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई `मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर संकलित किया गया है, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के साथ—साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार नवाचार करें तथा शासनादेशों को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यश्ौली के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है और प्रति व्यक्ति आय में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल तथा अन्य रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित कर रही है। इस मौके पर सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने कहा कि ये ऑडियो संस्करण, आकाशवाणी सहित अन्य रेडियो स्टेशन पर प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले विभाग मेरी योजना पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है। साथ ही इसका डिजिटल संस्करण भी जारी किया जा चुका है। इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी भी मौजूद थे।
June 9, 2026पुलिस ने जिनकी बचाई जान, वही निकले बाइक चोर टिहरी। बाइक चोरी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवकों द्वारा बाइक चोरी के बाद भागने के प्रयास में एक्सीडेट कर दिया था। जिन्हे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया था। बाद में पुलिस को पता चला था कि उक्त युवक ही बाइक चोर है।जानकारी के अनुसार बीती 7 जून की रात थाना घनसाली पुलिस को सूचना मिली कि चम्पुवा मंदिर के पास एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है तथा दो युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े हैं। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में सड़क किनारे पाई गई। प्रथम दृष्टया मोटरसाइकिल का पहाड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त होना प्रतीत हुआ। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी बेलेश्वर, चमियाला भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। घायलों ने अपना नाम अनुज सिंह राणा निवासी खटीमा तथा साहिल सिंह निवासी खटीमा बताया।वहीं अगले ही दिन 8 जून को स्थानीय निवासी वीर सिंह द्वारा थाना घनसाली में तहरीर देकर बताया गया कि उनकी बाइक बस स्टेशन घनसाली से चोरी हो गयी है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पिछली रात्रि दुर्घटनाग्रस्त हुई मोटरसाइकिल वही चोरी की गई मोटरसाइकिल थी तथा घायल हुए दोनों युवक ही उक्त चोरी की घटना में शामिल थे। चोरी की मोटरसाइकिल लेकर भागने के दौरान ही दोनों दुर्घटना का शिकार हो गए थे। जिस पर पुलिस टीम ऋषिेकेश एम्स पहुंची तो पता चला कि दोनों युवक पुलिस कार्रवाई के भय से अस्पताल से छुटृी लेकर फरार हो चुके हैं। जिसके बाद थाना घनसाली पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई तथा आरोपियों की तलाश हेतु सघन अभियान चलाया गया। अथक प्रयासों एवं प्रभावी सुरागरसी—पतारसी के फलस्वरूप बीती रात आरोपियों को बालगंगा डिग्री कॉलेज के पास चमियाला रोड से गिरफ्तार कर लिया गया है।