भाजपा विधायक पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज

0
776

देहरादून। भाजपा के एक और विधायक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि एक भाजपा नेत्री द्वारा ही विधायक पर न्यायालय के माध्यम से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया है। जबकि इस नेत्री और उसके साथियों पर कुछ समय पूर्व भाजपा विधायक ने 36 लाख की रंगदारी मांगने का आरेाप लगाया था। वहीं इस मामले में अब भाजपा विधायक का कहना है कि उनके खिलाफ राजनीतिक षडयंत्र किया जा रहा है जिसकी जांच होनी चाहिए।
उत्तराखंड में भाजपा विधायकों के कारनामे अकसर खुल कर सामने आ ही जाते हैं। कुछ महीनों पहले भाजपा के द्वाराहाट विधायक महेश नेगी के खिलाफ एक महिला द्वारा दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में दून पुलिस द्वारा जब काफी लंबे समय तक विधायक के खिलाफ महिला की शिकायत दर्ज नहीं की गई थी तो महिला ने हाईकोर्ट की शरण ली थी। और कोर्ट के निर्देशों के बाद ही विधायक पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। इस समय मामला कोर्ट में चल रहा है।
वहीं अब भाजपा के ज्वालापुर से विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ हरिद्वार बहादराबाद थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। यहां भी हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही आरोपी विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार एक भाजपा नेत्री ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी जिसके बाद हाईकोर्ट द्वारा पुलिस को इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस ने आज विधायक के खिलाफ बहादराबाद थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि मई माह में ज्वालापुर के भाजपा विधायक सुरेश राठौर को एक अश्लील वीडियो के सहारे ब्लैकमेल कर 36 लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया था। रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चंद घंटों में ही एक महिला नेत्री सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। बताया जा रहा है कि अब उसी महिला नेत्री की शिकायत व हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद पुलिस द्वारा भाजपा विधायक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस मामले में जब भाजपा विधायक से उनके पक्ष के बारे पूछा गया तो उनका कहना है कि उनके खिलाफ राजनीतिक षडयंत्र किया जा रहा है जिसकी जांच होनी चाहिए।

मेरी जान को खतरा है। मुझे सुरक्षा मुहैया कराई जाए। जिन लोगों ने मुझ पर १५६ में केस दर्ज कराया है वो एक माह पहले ही रंगदारी में जेल जा चुके हैं। इस संबंध में मैंने सरकार और शासन को पहले भी अवगत कराया था। इस बात का खुलासा हो गया है कि जिन लोगों को मैंने चुनाव में हराया था वो लोग ही अब मेरी छवि को खराब करना चाहते हैं। मैं जनप्रतिनिधि हूं, सरकार से अनुरोध है कि इनके विरूद्ध कार्यवाही होनी चाहिए जो कोर्ट को गुमराह कर रहे हैं। इन लोगों के रंगदारी मांगने के ऑडियो-वीडियो पुलिस के पास साक्ष्य के रूप में मौजूद हैं। जो दोषी होगा उसको सजा मिलेगी।
– सुरेश राठौर, विधायक ज्वालापुर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here