उत्तराखण्ड में अराजकता का माहौलः पायलट

0
590

देहरादून। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने उत्तराखण्ड सरकार पर हर मोर्चे पर विफल होने का आरोप लगाया है। सचिन पायलट के अनुसार उत्तराखण्ड में हर ओर अराजकता का माहौल है।
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सचिन पायलट ने प्रदेश की भाजपा सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि जनता बढ़ती महंगाई से परेशान है। पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से आम आदमी त्रस्त है। इनकी कीमतें कम करना केंद्र सरकार के हाथ में है। केंद्र सरकार की गरीब विरोधी नीतियों के विरूद्ध कांग्रेस पूरे देश में महंगाई के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश शहरों में पेट्रोल के दाम 100 रुपए के पार हो गए हैं।
पायलट ने कहा कि भाजपा अपना अध्यक्ष बार—बार बदले इस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है लेकिन इस छोटे से राज्य में बार—बार सीएम बदलना राज्य के लिए ठीक नहीं है। पायलट ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा अपने प्रदेश कार्यालय को बनाने के लिए भू उपयोग बदलने में छूट की व्यवस्था की गई है, जो सही नहीं है। कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है। इन्हीं सब बातों को देखते हुए कांग्रेस जनता के लिए संघर्ष कर रही है और जनता भी आगामी चुनाव में कांग्रेस को अपना आशीर्वाद देने के लिए उत्सुक है। कांग्रेस प्रदेश की जनता का मिजाज जानती है और उनके साथ ही खड़ी है। चुनाव में चेहरे के सवाल पर पायलट ने कहा कि कांग्रेस की स्थापित परंपरा है कि सामुहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाता है। चुनाव के बाद ही नेता का चयन किया जाता है।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, विधायक काजी निजामुद्दीन, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा भी मौजूद रहे।

देहरादून। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से उनका काफिला देहरादून शहर के लिए रवाना हुआ। स्वागत करने वालों में प्रदेश महामंत्री पीके अग्रवाल, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, पूर्व दर्जाधारी मनीष कुमार, याकूब सिद्दीकी, शांति रावत, पार्षद कोमल वोहरा, दीप वोहरा, पार्षद रमेश मंगू समेत अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here