पहले दिन चमोली जनपद के युवाओं ने भर्ती में भाग लिया
देहरादून। उत्तराखंड में अग्निवीरों की भर्ती आज से शुरू हो गई है। पौड़ी जनपद के कोटद्वार में अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती रैली में पहले दिन चमोली के सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान युवाओं में खासा जोश नजर आया।
जानकारी के अनुसार पौड़ी जनपद के कोटद्वार में आज अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो गयी है। कोटद्वार के विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह कैंप में आयोजित भर्ती रैली में पहले दिन चमोली के सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। अग्निवीर भर्ती के पहले दिन युवाओं ने शारीरिक मापदंड में अपना दमखम दिखाया। हालांकि इस दौरान कुछ युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में मनमानी का आरोप भी लगाया है।
कोटद्वार के विक्टोरिया क्रॉस गबर सिंह कैंप में आज अग्निवीर भर्ती रैली की शुरुआत हो गई। पहले दिन चमोली जिले के युवाओं ने अपना दमखम दिखाया। बताया जा रहा है कि अग्निपथ योजना के तहत चमोली जिले से 9, 306 युवाओं ने अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। हालांकि अग्निवीर भर्ती रैली की दौड़ में असफल कुछ युवाओं ने अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि भर्ती मानक की ऊंचाई 163 सेंटीमीटर रखी गई थी जबकि 165 सेंटीमीटर से ज्यादा हाईट वालों को ही भर्ती में भाग लेने दिया जा रहा है। वहीं उन्होने कहा है कि एक बार में 300 अभ्यर्थियों को दौड़ाया जा रहा है। जिसमें से केवल 8 से 10 अभ्यर्थियों को ही लिया जा रहा है। जबकि कोरोनाकाल के बाद पहली बाद उत्तराखंड में सेना की भर्ती हो रही है।
कोटद्वार में अग्निवीर भर्ती रैली में पहले दिन चमोली जिले के जोशीमठ, चमोली, पोखरी, कर्णप्रयाग, घाट, देवाल, नंदप्रयाग, आदिबद्री तहसील क्षेत्र के युवा भाग ले रहे हैं। कोटद्वार में 10 दिवसीय भर्ती रैली में शामिल होने के लिए गढ़वाल मंडल के सात जिलों की 64 तहसीलों के कुल 60 हजार युवाओं ने पंजीकरण करवाया है। 20 अगस्त को चमोली जिले के थराली, गैरसैंण, नंदप्रयाग और उत्तरकाशी जिले के डुंडा, राजगढ़ी चिन्यालीसौड़ की भर्ती होगी।