जम्मू । कश्मीर के गंदेरबल स्थित वर्कर्स कैंप में हुए आतंकी हमले की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में दो आतंकी दिख रहे हैं, इसमें से एक के हाथ में अमेरिका निर्मित एम4 कार्बाइन दिख रही है और दूसरे ने एके-47 पकड़ी हुई है। जिस स्थान पर आतंकियों ने पहली बार गोलीबारी की, वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। हालांकि, इसके बाद उन्होंने जहां हमला किया वहां के सीसीटीवी फुटेज में वे एक जगह घुसते और गोलीबारी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बाहर निकलने से पहले मेस पर हमला किया और अन्य श्रमिकों को निशाना बनाया। 20 अक्टूबर को शाम करीब 7।25 बजे जब कुछ कर्मचारी डाइनिंग एरिया में बैठे थे और अन्य लोग डिनर के लिए जा रहे थे, तभी कैंप पर हमला हुआ। श्रमिकों को लगा कि कुछ लोग पटाखे फोड़ रहे हैं। हालांकि, दो से तीन मिनट के भीतर उन्हें एहसास हो गया कि यह एक आतंकवादी हमला था। अधिकारियों ने बताया कि जांच अधिकारियों को हमलावरों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है। माना जा रहा है कि हमलावर विदेशी हैं। हमले में मारे गए लोगों में कश्मीर के बडगाम का एक डॉक्टर भी शामिल है, जबकि छह अन्य घाटी के बाहर के रहने वाले थे। 20 अक्तूबर को यह आतंकी हमला हुआ था। वे एपीसीओ इंफ्राटेक में कार्यरत थे, जो श्रीनगर-सोनमर्ग हाईवे पर जेड-मोड़ सुरंग का निर्माण कर रही कंपनी है। जब हमलावर शिविर में घुसे, उस समय शिविर के अंदर 200 से अधिक कर्मचारी और अधिकारी मौजूद थे।




