नई दिल्ली। पंजाब को आज नया मुखिया यानी मुख्यमंत्री मिल गया है। विधानसभा चुनाव में मिले ऐतिहासिक जीत के बाद आज भगवंत मान ने पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने देश महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही 49 साल के भगवंत मान पंजाब के दूसरे सबसे युवा मुख्यमंत्री हो गए हैं। भगवंत मान से पहले प्रकाश सिंह बादल ने 43 साल की उम्र में सीएम पद की शपथ ली थी।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के संयोगजक अरविंद केजरीवाल, दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, गोपाल राय, राधव राधव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए। गौरतलब है कि शपथग्रहण से ठीक पहले भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा ‘सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है। शहीद भगत सिंह और बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए आज पूरा पंजाब खटकड़ कलां में शपथ लेगा। शहीद भगत सिंह जी की सोच पर पहरा देने के लिए मैं उनके पैतृक गांव खटकड़ कलां के लिए रवाना हो रहा हूं।’