नई दिल्ली। किसान आंदोलन में रेप और मर्डर की बात कहने वालीं बीजेपी सांसद कंगना रनौत पर विपक्ष पूरी तरह हमलावर है। कांग्रेस के साथ-साथ शिवसेना यूबीटी की ओर से भी लगातार मांग उठ रही है कि कंगना रनौत को किसानों से और पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। वहीं, उद्धव गुट की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने यह भी कहा है कि सीबीआई कंगना रनौत को अरेस्ट करें। शिवसेना यूबीटी सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कंगना रनौत पर निशाना साधते हुए कहा कि वो अब सांसद बन गई हैं, उनको बोलने से पहले सोचना-समझना चाहिए। एक सांसद इतना गैरजिम्मेदाराना बयान दे, ये हैरानी वाली बात है। प्रियंका चतुर्वेदी ने सवाल किया, ‘क्या रेप इतना हल्का शब्द है कि कंगना रनौत देश के किसानों को रेपिस्ट कह रही हैं? क्या कंगना रनौत के पास ऐसी जानकारी है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के पास नहीं है? इतना ही नहीं, प्रियंका चतुर्वेदी ने ये भी कहा कि सीबीआई को कंगना रनौत को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए ताकि उनसे पूछताछ की जाए और पता लगाया जाए कि अगर बीजेपी सांसद के पास ऐसी खुफिया जानाकरी थी, तो उन्होंने गृह मंत्रालय को क्यों नहीं दी? दरअसल, कुछ समय पहले कंगना रनौत ने ये दावा किया था कि किसान आंदोलन में बांग्लादेश जैसे हालात बन सकते थे। उनका दावा था कि किसान आंदोलन में उपद्रवी हिंसा फैला रहे थे। वहां रेप और मर्डर होते थे। अगर किसान बिल वापस न लिए गए होते तो ये उपद्रवी देश में कुछ भी कर सकते थे।




