April 21, 2026देहरादून। पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के जेवरात बरामद कर लिये। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।मिली जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल को थाना विकासनगर क्षेत्र नायरा पेट्रोल पंप के सामने बाईपास रोड अजीत नगर विकासनगर में एक बन्द घर में नकदी व ज्वेलरी चोरी होने की लिखित शिकायत दी गई, प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली विकासनगर मे मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना के खुलासे तथा गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विकासनगर को आवश्यक दिशा—निर्देश दिये गये, जिसके क्रम में पुलिस टीम का गठन किया गया, गठित टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर आस—पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेजों का अवलोकन किया गया तथा घटना के सम्बंध में सुरागरसी/पतारसी करते हुए सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त संदिग्ध के संबंध में स्थानीय तंत्र को भी सक्रिय किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस टीम द्वारा पूर्व में इस प्रकार की घटना को अंजाम देने वाले लोगों की वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस टीम द्वारा किये जा रहे लगातार प्रयासों के परिणाम स्वरुप मिली सूचना पर बाईपास रोड त्यागी फार्म हाउस के पास विकासनगर क्षेत्र में चैकिंग के दौरान पुलिस टीम ने घटना को अजांम देने वाले 03 लोगों को इस्तियाक पुत्र मरहूम इस्लाम, अनीश पुत्र अनवर, नफीस पुत्र फकरु को घटना में चोरी की गई 02 लाख रूपये अनुमानित कीमत की ज्वैलरी व 01 लाख 70 हजार रूापये नकद तथा अन्य दस्तावेज, पेंचकस व घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि वह नशे के आदी है तथा अपनी नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उनके द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वह घटना से पूर्व बंद घरो की रेकी कर घरों को चिन्हित करते थे। उनके द्वारा उक्त घर की भी रैकी की गई तथा रात्री में आने जाने वाले लोगो की नजर से बचते हुए घर का ताला तोडकर घर से नकदी, व ज्वेलरी व अन्य सामान चोरी की घटना को अजांम दिया गया था तथा रात्रि में पुलिस से घबराकर उनके द्वारा चोरी का सामान घटनास्थल से कूछ दूरी पर छिपा दिया था। जिसे वह आज लेकर भागने की फिराक में थे, परन्तु इससे पूर्व ही पुलिस द्वारा उन्हें पकड लिया गया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया गया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
April 21, 2026कपाट खुलने के शुभ अवसर पर शामिल होंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भव्य सजावट, कड़े सुरक्षा प्रबंध और श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर रुद्रप्रयाग। आस्था और श्रद्धा के प्रतीक भगवान श्री केदारनाथ धाम के कपाट कल दिनांक 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि—विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ होगा।कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचेंगे तथा परंपरानुसार धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा—अर्चना में सम्मिलित होंगे। कपाट खुलने को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। देश—विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं और बाबा के दर्शन के लिए उत्सुक हैं।श्रद्धालुओं की सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें प्रमुख रूप से सड़कों की मरम्मत एवं सुचारू यातायात व्यवस्था, पैदल मार्ग पर शौचालय, आवास, खान—पान एवं पेयजल की सुविधा, विघुत एवं सोलर लाइट की समुचित व्यवस्था तथा प्रत्येक दो किलोमीटर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा सहायता केंद्र (एमआरपी) की स्थापना की गई है। इसके अतिरिक्त, पैदल मार्ग तथा धाम क्षेत्र में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए आधुनिक शौचालयों की व्यवस्था एवं गर्म पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं। यात्रा मार्ग एवं धाम क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सहज यात्रा का अनुभव मिल सके।देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने यात्रा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया है। राजस्थान से आए शेर सिंह, ऋषिकेश से सौरभ कालरा, देहरादून से ध्रुव, चमोली से पुष्पा बिष्ट एवं नरेंद्र बिष्ट तथा पौड़ी से आई सोनाली नेगी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने स्वच्छता, सुविधाओं एवं बेहतर प्रबंधन के लिए प्रशासन की सराहना की। उल्लेखनीय है कि कपाट खुलने से एक दिन पूर्व आज बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली धाम पहुंच रही है, जिससे संपूर्ण क्षेत्र में भक्ति एवं आस्था का वातावरण चरम पर है।
April 21, 2026देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि पिरूल की तर्ज पर लैंटाना पर भी कार्य किए जाने की जरूरत है। आज यहां मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में उत्तराखंड वन संसाधन प्रबंधन समिति की उच्चाधिकार समिति की बैठक संपन्न हुयी। बैठक के दौरान उत्तराखंड वन संसाधन प्रबंधन समिति के विभिन्न कार्यकलापों की जानकारी समिति के समक्ष रखी गयी एवं विभिन्न प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान की गयी।मुख्य सचिव ने अखरोट विकास कार्यक्रम के तहत् लगाए गयी अखरोट की पौध की अघतन स्थिति की जानकारी मांगी। उन्होंने सम्बन्धित प्रभाग के डीएफओ से इसका मूल्यांकन कर अवगत कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के अंतर्गत किसानों द्वारा इससे होने वाले फलोत्पादन की भी अघतन स्थिति की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के मूल्यांकन से आगे की कार्ययोजना बनायी जा सकेगी।मुख्य सचिव ने योजना के अंतर्गत जापान के तकनीकी सहयोग एवं मार्गदर्शन से मृदा अपरदन नियंत्रण और अवसाद आपदा शमन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों को आपदा प्रबन्धन विभाग के साथ जापानी तकनीक के महत्त्वपूर्ण पहलुओं को साझा किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखण्ड में लैंड स्लाईड मिटिगेशन में सहायता मिल सकती है। मुख्य सचिव ने योजना के अंतर्गत आजीविका से जुड़े विभिन्न स्वयं सहायता समूहों, क्लस्टर्स और राज्य स्तरीय फेडरेशन की क्षमता विकास, बाजार की उपलब्धता के साथ ही हैंड होल्डिंग किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि पिरूल की तर्ज पर लैंटाना पर भी कार्य किए जाने की जरूरत है। इस अवसर पर पीसीसीएफ कपिल लाल, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी पुरूषोत्तम एवं धीराज गर्ब्याल, सी. रविशंकर, एपीसीसीएफ नरेश कुमार, अपर सचिव हिमांशु खुराना सहित वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
April 21, 2026ज्योतिर्मठ से आदि गुरु शंकराचार्य की डोली, प्रथम पड़ाव पांडुकेश्वर प्रस्थान हुई चमोली। आज श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ से पूजा—अर्चना पश्चात आदि गुरु शंकराचार्य जी की पवित्र डोली एवं श्री गरुड़जी की उत्सव मूर्ति विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रावल अमरनाथ नंबूदरी सहित श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की उपस्थिति में श्री बदरीनाथ धाम के लिए प्रस्थान हुई। आज देव डोलियां पहले पड़ाव योग बदरी पांडुकेश्वर पहुंच गयी। कपाट खुलने के अवसर हेतु केदारनाथ धाम रवाना हो चुके बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ से देवडोलियों के धाम प्रस्थान होने पर शुभकामनाएं दी है। उन्होंने बताया कि धामों में यात्रा पूर्व तैयारियां पूरी की जा चुकी है।बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि ज्योर्तिमठ के विभिन्न स्कूलों के छात्रों के साथ समारोह पूर्वक देवडोलियां धाम के लिए प्रस्थान हुई तथा स्कूली बच्चों ने दो किमी मार्ग तक देवडोलियों का पुष्प वर्षा से भब्य स्वागत किया। इससे पहले बीते शनिवार को ज्योर्तिमठ में तिमुंडिया वीर पूजन तथा गरूड़ छाड़ मेले में आगामी बदरीनाथ यात्रा के सफल शुभारंभ हेतु आशीष मांगा गया। बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि बुधवार 22 अप्रैल को योग बदरी पांडुकेश्वर से श्री उद्धव जी और श्री कुबेर जी, आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के साथ बदरीनाथ धाम पहुंचेंगे जबकि श्री गरूड़ जी आज ज्योर्तिमठ से बदरीनाथ धाम पहुंचेंगे। इसके पश्चात 23 अप्रैल की प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इसी क्रम में श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के पदाधिकारी तेल कलश (गाडू घड़ा) के साथ ज्योतिर्मठ पहुंचे। तेल कलश 22 अप्रैल को बदरीनाथ धाम पहुंचेगा। इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, रावल अमरनाथ नंबूदरी सहित, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी रविंद्र भटृ, आचार्य वाणी विलास डिमरी, नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह सहित कई लोग मौजूद रहे।
April 21, 2026देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल की कार्य प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिल सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों का आवागमन होता है। उन्होंने कहा कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों ओर से आवागमन के लिए वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जो दूसरी ओर से भी शीघ्र ही पूर्ण होकर संचालित हो जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिसे आगामी 2 से 3 माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों एवं पुलों के सुदृढ़ीकरण हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण से संबंधित अनेक परियोजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं, जिससे प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा एवं आदि कैलास यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्यों को समय पर पूर्ण किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों की प्रगति की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
April 21, 2026कार को काटकर बाहर निकाला शव देहरादून। सड़क दुर्घटना मेंं आज सुबह सरिया लादकर खड़े ट्रक से कार टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर कटर से कार को काटकर शव निकाला। जिसको रेगुलर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।जानकारी के अनुसार आज सुबह चौकी व्यासी से एसडीआरएफ टीम को सूचना प्राप्त हुई कि कौडियाला क्षेत्र में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, जिसमें कुछ व्यक्तियों के घायल होने की सूचना है। सूचना पर एसडीआरएफ टीम त्वरित कार्यवाही करते हुए रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर पाया गया कि सरिया से लदा एक भारी ट्रक खड़ा था, जिससे एक कार टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। कार में चालक सहित कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं एवं 3 पुरुष शामिल थे। दुर्घटना में एक महिला, धूमा देवी (पत्नी स्व. दिलवर सिंह), आयु लगभग 55 वर्ष, की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। महिला का शव वाहन में बुरी तरह फंसा हुआ था, एसडीआरएफ टीम द्वारा वाहन को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। शव को अग्रिम कार्रवाई हेतु सिविल पुलिस के सुपुर्द किया गया। अन्य सभी घायलों को सामान्य चोटें आई हैं जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया है।