पिथौरागढ़। राज्य में हो रही लगातार बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। इस क्रम में आज सुबह आयी तेज बारिश के कारण हुए भूस्खलन की चपेट में आकर एक मकान ढह गया वहीं तीन क्षतिग्रस्त हो गये। जिसके चलते 15 परिवार खतरे की जद में है। सूचना मिलने पर पुलिस व एसएसबी के जवानो ने मौके पर पहुंच कर सभी परिवारों को सुरक्षित स्थानो पर पहुंचा कर राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 7.30 बजे थाना बलुवाकोट के तल्ला गांव में अत्यधिक बारिश से तुलाराम पुत्र विश्राम सिंह का मकान ढह गया, गनीमत रही कि कोई जन हानि नही होने के समाचार है। बताया जा रहा है कि इस दौरान तीन अन्य लोगों के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गये। भारी बारिश के चलते भूस्खलन की चपेट में आये इस गांव में लगभग 15 परिवार खतरे की जद में आ गये हैं। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बलुवाकोट मुनव्वर हुसैन, का. विनोद, हे.का.प्रताप पुरी, हे.का. मान सिंह तथा एसएसबी की टीम से ए.एस.आई. रमेश कुमार, हे. का. ओम प्रकाश, का. प्रवीण, का. नीरज, म.का. अभिलाशा, म.का श्रीलता, म.का. जागृति आदि मय रैस्क्यू उपकरणों के उक्त आपदाग्रस्त स्थल पर पहुँचे तथा सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया। उपजिलाधिकारी धारचुला भी मौके पर पहुँचे तथा स्थिति का जायजा लिया गया। लोगों के खाने—पीने व रहने की उचित व्यवस्था हेतु कार्यवाही की जा रही है। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों को उत्तQ भूस्खलन वाले स्थान पर न जाने की अपील की गयी है।




