Home News Posts उत्तराखंड गैरसैंण में कांग्रेस का हंगामा, काले झंडे लेकर वेल में पहुंचे विधायक

गैरसैंण में कांग्रेस का हंगामा, काले झंडे लेकर वेल में पहुंचे विधायक

0
30

गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के भराड़ीसैंण स्थित सदन में सत्र के दूसरे और अंतिम दिन की कार्यवाही शुरू होते ही जमकर हंगामा हुआ। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस विधायकों ने काले झंडे लहराए और सदन के वेल में पहुंचकर विरोध जताया। विपक्ष के हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।
सत्र के अंतिम दिन वित्तीय वर्ष 2026—27 के अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान होना है। इसके साथ ही विभिन्न विधेयकों पर भी विचार किया जाना है। हालांकि, सदन की शुरुआत से ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली। विपक्ष जहां कथित भ्रष्टाचार के आरोपों और अन्य जनहित के मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा है, वहीं सत्ता पक्ष की ओर से भी कांग्रेस को घेरने की कोशिश की गई।
कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को सदन में उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। वहीं, रेखा आर्या ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए वर्ष 2012 से 2017 के दौरान रही कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का जिक्र किया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने सदन में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कराने की बात कही। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष की ओर से काम रोको प्रस्ताव लाने की मंशा पर सवाल उठाए। इन बयानों के बीच सदन में राजनीतिक टकराव की स्थिति बनी रही।
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायक काले झंडे लेकर सदन के वेल में पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। हंगामे के चलते कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। उधर, सत्ता पक्ष के विधायकों ने चकराता में एक परिवार को कांग्रेस नेताओं की ओर से कथित तौर पर धमकी दिए जाने का मामला उठाया। उन्होंने इस प्रकरण की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस तरह सत्र के दूसरे दिन भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप—प्रत्यारोप का दौर जारी रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here