जोशी के बयान से भाजपा ने झाड़ा पल्ला

0
322

पार्टी का जोशी के बयान से कोई लेना—देना नहींः महेंद्र भटृ
जोशी के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी

देहरादून। स्व. प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की शहादत को दुर्घटना बताने वाले भाजपा के काबीना मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ कांग्रेसी नेता आगबबूला है। उनके इस बयान के बाद गणेश जोशी के खिलाफ कांग्रेसी नेताओं के उग्र तेवरों को देखते हुए अब भाजपा भी असहज दिख रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ से आज जब पत्रकारों ने जोशी के बयान पर उनकी प्रतिक्रिया पूछी गई तो वह भी खासे खफा दिखे महेंद्र भटृ ने साफ—साफ कहा कि जोशी के बयान से भाजपा का कोई लेना देना नहीं है।
भटृ ने कहा कि यह गणेश जोशी का अपना निजी बयान है, पार्टी का बयान नहीं है। उनसे जब पूछा गया कि जोशी सरकार में काबीना मंत्री हैं तो ऐसे में पार्टी उनके बयान से कैसे पल्ला झाड़ सकती है। इस पर भटृ ने कहा कि फिर इससे आगे आपको कुछ पूछना है तो गणेश जोशी से ही पूछे कि उन्होंने ऐसा बयान क्यों दिया। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि पार्टी द्वारा गणेश जोशी के बयान से पल्ला झाड़ लेने के बावजूद भी वह अपने बयान को सही ठहरा रहे हैं। लेकिन एक बात साफ है कि पार्टी भी उनके बयान से सहमत नहीं है।
उधर इस मुद्दे को लेकर कांग्रेसी नेताओं द्वारा गणेश जोशी पर तरह—तरह के आरोप लगाते हुए उन्हें आड़े हाथों लिया जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने आज हरिद्वार में कहा कि जो आदमी सेना की नौकरी छोड़ भागा हो वह मानसिक रूप से अस्थिर ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने काबीना मंत्री होते हुए जिस तरह का बयान दिया है वह कोई अनपढ़ और जाहिल आदमी ही दे सकता है। बीते कल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह द्वारा उनके बयान को लेकर कहा गया था कि इस तरह के बयान कोई मंत्री नहीं सड़क छाप गुंडा ही दे सकता है। उल्लेखनीय है कांग्रेसी नेता उनके बयान को लेकर खासे नाराज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here