देहरादून। चुनाव ड्यूटी से वापस आ रहे मतदान कर्मियों की कार खाई में गिर जाने से जहंा एक की मौत हो गयी वहीं तीन लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये जिन्हे अस्पताल पहुंचाया गया जहंा उनकी हालत गम्भीर देखते हुए उन्हे हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। मृतक और घायल सभी मतदान कर्मी देहरादून निवासी है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह पौड़ी मोटर मार्ग पर एक कार खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोगों की ड्यूटी चुनाव के चलते नैनीडांडा ब्लाक के अलग—अलग क्षेत्रों में लगी थी। बताया जा रहा है कि चुनाव सम्पन्न होने के बाद सामान जमा करा कर सभी चारों लोग राजधानी देहरादून स्थित अपने घरों को निजी कार से लौट रहे थे। जब उनकी कार पौड़ी—देवप्रयाग हाइवे पर पहुंची तो भटकोट के समीप कार चालक कार से अपना नियंत्रण खो बैठा और कार खाई में जा गिरी।
राजस्व उपनिरीक्षक दीपक देवरानी के अनुसार दुर्घटना में रणवीर सिंह नेगी पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी भानियावाला देहरादून की मौत हो गयी जबकि जय सिंह पुत्र रणजीत सिंह निवासी ऋषिकेश, सुरेन्द्र सिंह रावत पुत्र भोला सिंह निवासी हाथी बड़कला देहरादून व नरेन्द्र गुसांई पुत्र आनन्द सिंह गम्भीर रूप से घायल हुए है। जिन्हे हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है।