हरिद्वार। रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में बीती देर रात दो अलग—अलग सड़क दुर्घटनाओं ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। कलियर क्षेत्र में रहमतपुर रोड पर निर्माणाधीन पुलिया से बाइक टकराने पर एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, रुड़की के बीटीगंज क्षेत्र में दो बाइकों की आमने—सामने भिड़ंत में दो युवकों की जान चली गई। एक ही रात में तीन युवकों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
पहली दुर्घटना कलियर थाना क्षेत्र के रहमतपुर रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवक सड़क से गुजर रहे थे, तभी उनकी बाइक निर्माणाधीन पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इस दुर्घटना में 32 वर्षीय अज्जू उर्फ अजय पुत्र ऋषिपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार 24 वर्षीय आकाश पुत्र मुकेश, निवासी लंढौरा, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया।
दूसरी दुर्घटना रुड़की के बीटीगंज क्षेत्र में हुई, जहां दो बाइकों के बीच आमने—सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय अर्श पुत्र याकूब, निवासी रघुनाथ प्लॉट के पास रुड़की, और 31 वर्षीय मोनू, निवासी दधेड़ू खुर्द, थाना चरथावल, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। रुड़की में एक ही रात में हुए दो हादसों ने सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्यों के दौरान जरूरी सावधानियों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।





