Home News Posts उत्तराखंड सफाई कर्मी की मौत का रहस्य गहराया, दोस्त हिरासत में

सफाई कर्मी की मौत का रहस्य गहराया, दोस्त हिरासत में

0
12

देहरादून। मसूरी में नगर पालिका के सफाई कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। 28 वर्षीय सतीश की मौत को लेकर शुरुआत में उसके दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया गया, लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका भी सामने आई है। घटना के वक्त मृतक अपने परिचित के साथ था। पुलिस ने दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है।
मृतक की पहचान सतीश पुत्र जगदीश, निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी के रूप में हुई है। पुलिस को 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। सूचना में सतीश की हत्या किए जाने और आरोपी के मौके से फरार होने का आरोप लगाया गया था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भाटी, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सतीश अपने परिचित सरजीत निवासी आईटीएम लंढौर के साथ पिकअप वाहन में कहीं से आ रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों शराब के नशे में थे। शाम के दौरान दोनों सिविल अस्पताल, सिपलिंग स्टेट के पास पहुंचे, जहां किसी तीसरे व्यक्ति से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों वाहन से उतरकर पैदल पिकअप के पीछे की ओर चले गए। कुछ देर बाद दोनों वापस लौटे।
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में सामने आया कि इसके बाद सरजीत पिकअप लेकर आगे गया और फिर कुछ समय बाद वापस लौटा। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े सतीश को कथित तौर पर तेज रफ्तार पिकअप का किनारा लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे लंढौर कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में दोस्त पर हत्या का आरोप लगाए जाने और पुलिस की शुरुआती जांच में वाहन की टक्कर से मौत की आशंका सामने आने के बाद घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस साथ मौजूद सरजीत की भूमिका, तीसरे व्यक्ति से हुई कहासुनी और घटनास्थल की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सरजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here