पानी जीवन का आधार है। मनुष्य भोजन के बिना कुछ समय रह सकता है, लेकिन पानी के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। ऐसे में यदि यही पानी जीवन देने के बजाय बीमारियों और कैंसर का खतरा पैदा करने लगे तो यह केवल मिलावट का मामला नहीं रह जाता, बल्कि सीधे-सीधे जनस्वास्थ्य और सरकारी जवाबदेही का सवाल बन जाता है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि पानी की गुणवत्ता पर सवाल एक बार नहीं, दो बार उठे। इसका अर्थ है कि कहीं न कहीं निगरानी व्यवस्था में गंभीर खामी रही है। सवाल यह भी है कि जब पहली बार पानी का नमूना मानकों पर खरा नहीं उतरा तो तत्काल प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित कंपनी को उत्पादन और आपूर्ति जारी रखने की छूट मिली रही? क्या उपभोक्ताओं को समय रहते आगाह किया गया? यदि ऐसा नहीं हुआ तो यह लापरवाही महज प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी को जोखिम में डालने जैसा गंभीर मामला है। पेयजल के कारोबार में मुनाफा कमाने की होड़ नई नहीं है। बोतलबंद पानी को शुद्धता और भरोसे के नाम पर बेचा जाता है। उपभोक्ता इस भरोसे के साथ पैसे खर्च करता है कि उसे सुरक्षित पानी मिल रहा है। लेकिन जब इसी पानी में कैंसरकारी तत्व मिलने की बात सामने आती है तो भरोसे की पूरी व्यवस्था कटघरे में खड़ी हो जाती है। आखिर उपभोक्ता किस पर विश्वास करे? पानी की गुणवत्ता की जांच करने वाली प्रयोगशालाओं पर, प्रमाणपत्र जारी करने वाली एजेंसियों पर या उन सरकारी विभागों पर जिनकी जिम्मेदारी बाजार में बिकने वाले उत्पादों की निगरानी करना है? इस प्रकरण में केवल कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं होगा। मुकदमा कार्रवाई की शुरुआत हो सकता है, उसका अंत नहीं। यह पता लगाना जरूरी है कि दूषित पानी कितने समय से बाजार में पहुंच रहा था, कितने लोग इसका सेवन कर चुके हैं और संबंधित कंपनी के खिलाफ पहले भी शिकायतें या जांच हुई थीं या नहीं। यदि कंपनी ने जानबूझकर गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की है तो उसके जिम्मेदार संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही बाजार से संबंधित उत्पादों की तत्काल वापसी और उपभोक्ताओं को स्पष्ट सूचना देने की व्यवस्था भी जरूरी है। इस मामले में सरकार और संबंधित विभागों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। खाद्य सुरक्षा और पेयजल गुणवत्ता से जुड़े विभागों का काम केवल नमूने लेना, रिपोर्ट तैयार करना और मुकदमे दर्ज करना नहीं है। उनकी असली जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि लोगों तक सुरक्षित पानी पहुंचे। इसके लिए नियमित जांच, अचानक निरीक्षण और जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की व्यवस्था होनी चाहिए। जिन कंपनियों के उत्पाद बार-बार गुणवत्ता परीक्षण में फेल होते हैं, उनके खिलाफ लाइसेंस निलंबन से लेकर कारोबार बंद करने तक की कार्रवाई होनी चाहिए। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि आम आदमी पानी खरीदते समय उसकी शुद्धता की प्रयोगशाला में जांच नहीं कर सकता। वह केवल कंपनी के दावे और सरकारी प्रमाणन पर भरोसा करता है। इसलिए इस भरोसे की रक्षा करना सरकार और नियामक संस्थाओं का दायित्व है। अब वक्त केवल मुकदमा दर्ज करने और प्रेस विज्ञप्ति जारी करने का नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने का है। पानी में कैंसरकारी तत्व मिलने का मामला किसी एक कंपनी की लापरवाही तक सीमित नहीं माना जा सकता। यह उस पूरी व्यवस्था की परीक्षा है, जो नागरिकों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने का दावा करती है। सरकार को बताना होगा कि पहली जांच के बाद क्या कार्रवाई हुई, दूसरी जांच तक दूषित पानी बाजार में कैसे बना रहा और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे।





