Home News Posts उत्तराखंड गाड़ी खाई में गिरी, तीन की मौत, दो नाबालिग सहित पांच घायल

गाड़ी खाई में गिरी, तीन की मौत, दो नाबालिग सहित पांच घायल

0
12

रुद्रप्रयाग। जिले में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जखोली क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा एक इको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में 13 और 15 साल की दो नाबालिग बच्चियां भी शामिल हैं।
हादसा जखोली क्षेत्र में अर्जुन बैंड के पास रविवार 22 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में गिरे घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को इको वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। बताया गया कि वाहन शादी समारोह में शामिल होने के लिए कुरछोला से जखनोली की ओर जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पर पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। इस दर्दनाक हादसे में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41), निवासी कुरछोला की मौत हो गई। इसके अलावा तैला गांव निवासी बसंती देवी (52), पत्नी कार्तिक और सुनीता देवी (35), पत्नी भरत सिंह ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें कुनियाली निवासी सतपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग ले जाया जा रहा था। वहीं, कुरछोला निवासी शिवानी (15) और दिव्यांशी (13) का जखोली में उपचार चल रहा है। इसके अलावा जखोली बड़मा निवासी अंजलि (26) और कुनियाली निवासी सुमीता भी हादसे में घायल हुई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस व बचाव दलों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here