Home News Posts उत्तराखंड `माला’ पर उलझे कांग्रेस के ‘दिग्गज’

`माला’ पर उलझे कांग्रेस के ‘दिग्गज’

0
20
  • बागेश्वर में हरीश रावत और यशपाल आर्य के बीच माला पहनाने को लेकर खींचतान
  • यशपाल ने माला पहनने से किया इनकार,सैलजा ने पकड़ा सिर, भाजपा ने ली चुटकी
  • कांग्रेस पार्टी के दिग्गजों के बीच खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक मंच पर दिखी

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस भले ही एकजुटता का संदेश देने और भाजपा के खिलाफ साझा मोर्चा बनाने की कोशिश कर रही हो, लेकिन पार्टी के दिग्गजों के बीच की खींचतान एक बार फिर सार्वजनिक मंच पर आ गई। इस बार मामला किसी टिकट, पद या चुनावी रणनीति का नहीं, बल्कि फूलों की माला का था। बागेश्वर में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एक-दूसरे को माला पहनाने की जिद में ऐसे उलझे कि मंच पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई। दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच माला को लेकर चलती खींचतान और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की प्रतिक्रिया का वीडियो अब चर्चा का विषय बन गया है।
दरअसल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के बागेश्वर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया था। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। स्वागत के दौरान हरीश रावत ने यशपाल आर्य को माला पहनाने का प्रयास किया, लेकिन आर्य ने माला स्वीकार करने के बजाय उसे अपने हाथ में ले लिया और हरीश रावत को पहनाने की कोशिश करने लगे। हरीश रावत भी इसके लिए तैयार नहीं हुए। दोनों के बीच कुछ देर तक माला को लेकर खींचतान चलती रही। आखिरकार हरीश रावत ने माला पहन ली और फिर दूसरी माला लेकर यशपाल आर्य को पहनाने की कोशिश की। लेकिन इस बार आर्य ने माला स्वीकार नहीं की और उसे मेज पर रख दिया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंच पर मौजूद कुमारी सैलजा कभी मुस्कुराती तो कभी अपना सिर पकड़ती नजर आईं। कार्यक्रम में मौजूद दूसरे नेता और कार्यकर्ता भी इस अप्रत्याशित घटनाक्रम को देखते रह गए।
कांग्रेस में हरीश रावत और यशपाल आर्य के बीच राजनीतिक समीकरणों को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही हैं। दोनों ही प्रदेश की राजनीति के बड़े चेहरे हैं और पार्टी के भीतर अपनी-अपनी राजनीतिक अहमियत रखते हैं। ऐसे में सार्वजनिक मंच पर माला को लेकर हुई इस खींचतान ने पार्टी की अंदरूनी राजनीति को फिर चर्चा में ला दिया है। खास बात यह है कि यह घटनाक्रम उस समय हुआ, जब प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा संगठन को एकजुट करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। कांग्रेस इन दिनों बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला अपराध, जमीनों के मामलों और कानून व्यवस्था को लेकर धामी सरकार पर हमलावर है। पार्टी के नेता लगातार जनसभाओं और अभियानों के जरिए सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बागेश्वर की घटना ने विपक्ष को यह सवाल उठाने का मौका दे दिया है कि जब पार्टी के वरिष्ठ नेता ही सार्वजनिक मंच पर सहज तालमेल नहीं दिखा पा रहे हैं तो चुनाव में एकजुटता का संदेश कैसे जाएगा? भाजपा ने भी इस घटनाक्रम का वीडियो साझा कर कांग्रेस पर कटाक्ष किया है।
भाजपा ने इस घटनाक्रम को कांग्रेस की एकजुटता के दावों से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर तंज कसा। उत्तराखंड भाजपा ने यशपाल आर्य को संबोधित करते हुए पूछा कि हरीश रावत उन्हें केवल माला पहनाने का प्रयास कर रहे थे, फिर उन्होंने माला स्वीकार क्यों नहीं की? पार्टी ने इस घटनाक्रम को कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान से जोड़कर निशाना साधा। बहरहाल, बागेश्वर में माला पहनाने का यह प्रसंग सामान्य स्वागत समारोह का हिस्सा था या इसके पीछे कोई राजनीतिक असहजता थी, यह दोनों नेताओं की ओर से स्पष्ट नहीं किया गया है। लेकिन चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए यह वीडियो असहज करने वाला जरूर बन गया है। जिस समय पार्टी को भाजपा के खिलाफ अपने नेताओं की एकजुटता प्रदर्शित करनी है, उस समय मंच पर हुई इस छोटी-सी घटना ने बड़े राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here