- 4 माह पहले हुई थी शादी, आ रहे थे उत्तराखण्ड घूमने
नैनीताल। रामनगर में नेशनल हाईवे 309 पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव (24) की मौत हो गई। उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में रात करीब 1ः20 से 1ः45 बजे के बीच हुआ। दोनों की शादी महज चार महीने पहले हुई थी और वे काशीपुर—रामनगर होते हुए नैनीताल घूमने जा रहे थे।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के शाहपुर बमेठा, थाना वेब सिटी निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ आधी रात बाद 2 अक्टूबर को स्कॉर्पियो से नैनीताल जा रहे थे। पीरूमदारा के पास सामने से आ रहे उपखनिज से लदे 22 टायरा डंपर से उनकी स्कॉर्पियो की आमने—सामने टक्कर हो गई। यतीश के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि डंपर चालक ओवरटेक करने के प्रयास में गलत दिशा में आ गया था और तेज रफ्तार में सामने से स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में यतीश और उनकी पत्नी वाहन के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
राहगीरों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और तत्काल रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने यतीश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में डॉ. शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली—एनसीआर के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। यतीश राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी होने के साथ ही एक निजी स्कूल में शिक्षक भी थे। उनकी पत्नी डॉ. शीतल यादव पेशे से डॉक्टर हैं। दोनों की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। गुरुवार देर रात दोनों स्कॉर्पियो से नैनीताल घूमने के लिए निकले थे, लेकिन पीरूमदारा में हुए हादसे ने उनकी यात्रा को मातम में बदल दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद यतीश के परिजन रामनगर अस्पताल पहुंचे। पिता सुरेश यादव ने डंपर चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।




