Home News Posts उत्तराखंड 300 मीटर खाई में गिरी कार, एक की मौत दो घायल

300 मीटर खाई में गिरी कार, एक की मौत दो घायल

0
33

देहरादून। त्यूणी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चिल्लाड़ के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसडीआरएफ के जवानों ने सावधानीपूर्वक खाई में उतरकर वाहन के पास फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) त्यूणी भेजा गया। रेस्क्यू टीम ने हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति का शव भी खाई से बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार,हादसे में मृतक की पहचान 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी, निवासी फतापुर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान 27 वर्षीय सुनील मंडल, निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली और ऋषभ, निवासी देहरादून के रूप में बताई गई है। थाना प्रभारी त्यूणी कुलदीप शाह के मुताबिक, चिल्लाड़ राजस्व पुलिस क्षेत्र में कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई थी। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे एक बार फिर चिंता बढ़ा रहे हैं। गहरी खाइयों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here