पौड़ी। पिछले साल मुस्लिम दुकानदार की रक्षा के लिए बजरंग दल से टकराने वाले जिम संचालक दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दीपक पर आरोप है कि उसने एक स्थानीय दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी थी।
जानकारी के अनुसार कोटद्वार में कपड़ों का व्यवसाय करने वाले संजीव टोंक ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि दीपक उर्फ अक्की उर्फ मोहम्मद दीपक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली—गलौज तथा जान से मारने की धमकी दी गयी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान घटनास्थल के सीसी फुटेज एवं उपलब्ध फोटो/वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। साक्ष्यों के अवलोकन से प्रथम दृष्टया यह तथ्य प्रकाश में आया कि आरोपी द्वारा वादी के साथ गाली—गलौज करने के साथ—साथ धमकी भी दी गई। जांच में यह भी सामने आया कि दीपक उर्फ अक्की उर्फ मोहम्मद दीपक का पूर्व में भी विभिन्न सामाजिक विवादों से जुड़े मामलों में नाम सामने आता रहा है, जिनके कारण क्षेत्र की शांति एवं कानून—व्यवस्था प्रभावित हुई थी। साथ ही उसके द्वारा लोगों को एकत्रित करने एवं तनावपूर्ण वातावरण उत्पन्न करने संबंधी गतिविधियों की सूचनाएं भी पुलिस के संज्ञान में आई हैं। उपलब्ध साक्ष्यों, आरोपी की गतिविधियों तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून—व्यवस्था प्रभावित होने की संभावनाओं के दृष्टिगत कोटद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक उर्फ अक्की उर्फ मोहम्मद दीपक को धारा 170 के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है। व्यापारी संजीव टोंक का आरोप है कि पिछले दिनों उज्जैन में एक मस्जिद को गिराए जाने संबंधी दीपक की पोस्ट पर उनके द्वारा टिप्पणी की गई कि सेना पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ भी कभी कुछ लिख दिया करें। संजीव का आरोप है कि इस टिप्पणी से आक्रोशित दीपक गुरूवार सुबह उनकी दुकान पर आए और उन्हें धमकाया। जब उन्होंने विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।





