नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूचियों तथा विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विवाद के बीच आज 2 अक्टूबर को दिल्ली और मुंबई में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। जंतर-मंतर प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए गए हैं। उपलब्ध अपडेट के अनुसार 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद रहेगा।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्ष से जुड़े नेताओं ने प्रदर्शन का आह्वान किया है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नई दिल्ली जिले में सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात सुचारु रखने के लिए BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। बिना लिखित अनुमति के पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस, प्रदर्शन, धरना, नारेबाजी और भाषण पर रोक है। हथियारों के अलावा बैनर, पोस्टर, लाठी, डंडे और इसी तरह की वस्तुएं ले जाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। उल्लंघन पर BNS की धारा 223 सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रदर्शन में करीब 3,000 से 4,000 लोगों के पहुंचने की संभावना है। पुलिस ने कहा है कि आम लोगों की आवाजाही पर सामान्य रूप से रोक नहीं है, लेकिन प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने या उनके दूसरे इलाकों की ओर बढ़ने की स्थिति में सड़कों को बंद या यातायात में बदलाव किया जा सकता है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में यातायात प्रतिबंध और नियंत्रित आवाजाही को लेकर एडवाइजरी जारी की है। कनॉट प्लेस, पटेल चौक, जीपीओ, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड, संसद मार्ग और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन या नियंत्रण लागू किया जा सकता है। लोगों को प्रभावित रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया है। सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण, RJD सांसद मनोज झा और अन्य सामाजिक कार्यकर्ता इससे जुड़े हैं। AAP नेताओं आतिशी, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया ने भी लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की है।




