Home News Posts उत्तराखंड मंडी समिति के टावर पर चढ़ा युवक, लगाये भ्रष्टाचार के आरोप

मंडी समिति के टावर पर चढ़ा युवक, लगाये भ्रष्टाचार के आरोप

0
27

देहरादून/ऋषिकेश। कृषि उत्पादन मंडी समिति ऋषिकेश में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हरीश पांडे नाम का युवक मंडी समिति की बिल्डिंग पर लगे टावर पर चढ़ गया। युवक ने अपनी मांगें पूरी होने तक नीचे नहीं उतरने की चेतावनी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
जानकारी के अनुसार, युवक सुबह करीब नौ बजे मंडी समिति परिसर पहुंचा और टावर पर चढ़ गया। उसके टावर पर चढ़ने की सूचना से मंडी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा—तफरी मच गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक से बातचीत शुरू की। टावर पर चढ़े युवक ने मोबाइल पर बातचीत के दौरान मंडी समिति की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना है कि वह लंबे समय से मंडी परिसर में काम कर रहा है, लेकिन अधिक किराये के कारण कारोबार आगे नहीं बढ़ पा रहा है। युवक ने आरोप लगाया कि मंडी परिसर में अनधिकृत रूप से महंगा किराया वसूला जा रहा है। साथ ही लाइसेंस बनवाने के नाम पर उससे पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई। युवक ने कहा कि मंडी समिति में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और अधिकारियों का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर खींचने के लिए उसने यह कदम उठाया है। वहीं कृषि उत्पादन मंडी समिति के सहायक चंद्रशेखर ने बताया कि युवक किस वजह से टावर पर चढ़ा है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि युवक ने अपनी मांगों को लेकर मंडी समिति में पहले कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी थी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए उससे लगातार बातचीत की गई। घटना को लेकर मंडी परिसर में काफी देर तक अफरा—तफरी का माहौल बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here