Home News Posts उत्तराखंड पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने फंदा लगाकर दी...

पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने फंदा लगाकर दी जान

0
28
  • तीन बच्चों के पिता की मौत से परिवार में मचा कोहराम
  • पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा

    हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पनियाली में पत्नी के मायके से नहीं लौटने से नाराज एक युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक तीन बच्चों का पिता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
    जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बहादुरगंज (पीलीभीत) निवासी सर्वेश कुमार (37) पुत्र अनोखे लाल पनियाली क्षेत्र में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रहता था। वह प्लंबर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। इन दिनों उसकी पत्नी अपनी छोटी बेटी के साथ मायके गई हुई थी।
    परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात सर्वेश की फोन पर पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने घर के टिन शेड में दुपट्टे के सहारे फंदा लगा लिया। आनन-फानन में परिजन उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
    पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सर्वेश के बड़े भाई जयप्रकाश ने बताया कि सर्वेश चार भाइयों में सबसे छोटा और सभी का दुलारा था। करीब 13 साल पहले उसने खटीमा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों के तीन बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, पत्नी के समय पर मायके से नहीं लौटने और फोन पर बातचीत के दौरान हुई कहासुनी से सर्वेश काफी परेशान था।
    जयप्रकाश के मुताबिक, गुरुवार को सर्वेश ने एक कारोबारी मित्र के सामने फोन पर पत्नी से साफ कहा था कि यदि वह आज ही मायके से नहीं आई तो वह उसका मरा हुआ मुंह देखेगी। परिजनों ने बताया कि सर्वेश ने इसी साल होलिका दहन की रात भी घर पर फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया था, लेकिन उस समय परिजनों ने उसे गंभीरता से नहीं लिया।
    हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मुखानी कोतवाली क्षेत्र में युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here