देहरादून। कास्मेटिक की आड़ में नारकोटिक ड्रग की सप्लाई करने वाले शातिर को एसटीएफ/एएनटीएफ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से वाणिज्य मात्रा कोडीन व ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किये गये है। आरोपी शातिर किस्म का नशा तस्कर है जो पूर्व में भी नशीली दवाओं की बिक्री मामले मेें जेल की हवा खा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि बीते रोज नशा तस्करी (बिक्री) की एक सूचना के बाद थाना कलियर, जनपद हरिद्वार में एसटीएफ/एएनटीएफ टीम द्वारा ड्रग इंस्पेक्टर को साथ में लेकर कई संदिग्ध स्थानो पर दबिश देकर छापेमारी की कार्यवाही की गयी, इसी दौरान एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर पर छापा मारा गया तो अहतशाम उल हक पुत्र शहीद निवासी बुड्ढाहेड़ी थाना पथरी हरिद्वार से वाणिज्य मात्रा कोडीन व ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किये गये। एसटीएफ/ एएनटीएफ देहरादून टीम व ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा आरोपी से संबंधित अन्य संभावित ठिकानो पर दबिश दी गई तो आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप व ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुई, जिन्हे आरोपी द्वारा मूल कीमत से कई गुना अधिक मूल्य पर बेचकर अवैध लाभ अर्जित किया जा रहा था। एसटीएफ प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों एवं नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




