नई दिल्ली। जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने रविवार को जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल शुरू की, जहां ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ 20 जून से विरोध प्रदर्शन कर परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर पानी और साफ-सफाई की सुविधाएं बंद कर दी हैं।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा- सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल की घोषणा के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर साफ-सफाई की सुविधा बंद कर दी है। प्रदर्शन स्थल पर पानी का कनेक्शन और साफ-सफाई का कोई इंतजाम नहीं है। वांगचुक जी की उम्र और सेहत से जुड़ी चिंताओं का हवाला देकर बार-बार गुजारिश करने के बावजूद दिल्ली पुलिस सहयोग नहीं कर रही है।
अभिजीत दिपके आगे कहा कि पुलिस क्या करने की कोशिश कर रही है? हमें शक है कि आगे ऐसी दूसरी बुनियादी सुविधाएं भी बंद कर दी जाएंगी। बता दें कि सोनम वांगचुक ने रविवार को जंतर-मंतर पर अपना अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) 20 जून से विरोध प्रदर्शन कर परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।
भूख हड़ताल शुरू करने से पहले सोनम वांगचुक और सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। वांगचुक के अनशन पर जंतर-मंतर पर सैकड़ों प्रदर्शनकारी जमा हुए। प्रदर्शन स्थल पर कई किसान नेता भी मौजूद रहे।




