हरिद्वार। बहादराबाद—दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा डॉक्टर की मौत हो गई, जबकि साथ मौजूद महिला डॉक्टर सदमे में हैं। घटना से स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार बिहार निवासी डॉ. ऋतुराज (25) बहादराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इंटर्नशिप कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आज सुबह वह स्कूटी से सीएचसी जा रहे थे, उनके साथ महिला डॉक्टर डॉ. दिव्या भी मौजूद थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे दिल्ली नंबर के एक वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डॉ. ऋतुराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डॉ. दिव्या घटना के बाद गहरे सदमे में हैं। सीएचसी बहादराबाद की प्रभारी डॉ. आरती सिंह ने बताया कि डॉ. ऋतुराज मदरहुड यूनिवर्सिटी, रुड़की से बीएमएएस की पढ़ाई कर रहे थे और छह माह की ट्रेनिंग के तहत उनकी तैनाती बहादराबाद सीएचसी में हुई थी। वहीं, थाना बहादराबाद प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों में गहरा दुख और आक्रोश देखने को मिल रहा है।




