Home News Posts उत्तराखंड सीएम ने खम्भा लगवा कर किसान की समस्या का किया निदान

सीएम ने खम्भा लगवा कर किसान की समस्या का किया निदान

0
466

देहरादून। जनता दरबार में आये किसान की समस्या सुनकर सीएम ने किसान के खेत में खम्भा लगवाकर उसकी समस्या का निदान किया और विभाग सोता हुआ दिखायी दिया।
मुख्यमंत्री के जनता दरबार में एक किसान को उसकी समस्या का इतनी जल्दी समाधान मिलेगा शायद उसने भी नहीं सोचा होगा। महीनों से बिजली विभाग के अफसरों और बाबुओं की जी हुजूरी करने के बाद हरिद्वार के मंगलौर से आये किसान ने थकहार कर जब जनता दरबार में सीएम धामी को अपनी परेशानी बताई तो समाधान भी घंटों में मिल गया। बता दें कि खेतों में सिंचाई हेतु ट्यूबवेल के लिए बिजली का खंभा लगाने का किसान ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने किसान की समस्या का तत्काल संज्ञान लिया। नतीजा आज के आज ही उसके खेत में विभाग ने बिजली का खंभा लगवा दिया। सीएम धामी को उदलहेड़ी मंगलौर निवासी किसान संजय सिंह पुत्र बुद्ध सिंह ने भेंट कर अवगत कराया कि उदलहेड़ी मंगलौर बिजलीघर जिला हरिद्वार से उसने अपने खेत में ट्यूबवैल का सिंचाई हेतु पिछले चार महीने से कनेक्शन लिया हुआ है। उसने बताया कि पड़ोसी किसान जिसके खेत में बिजली की 11 हजार की लाईन है वो अपने खेत में बिजली हेतु खम्बा नही लगने दे रहे हैं। कहा कि बिजलीघर से जब भी कोई अधिकारी लाईनमैन को लेकर लाईन खींचने जाते हैं तो इनके विरोध के कारण वापस लौट जाते हैं जिससे पूरे सेक्टर में पानी न आने के कारण फसल सूखने की कगार पर पहुँच रही है। संजय सिंह ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जाये कि उसके खेत में बिजली लाईन खिंचवा दी जाये जिससे दस से ज्यादा किसानों की फसल नष्ट होने से बच जाएगी। किसान संजय सिंह की समस्या को गंभीरता से सुनने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम के निर्देशों के क्रम में ऊर्जा निगम की ओर से पुलिस व अन्य विभागों के सहयोग से मौके पर खम्बा लगवा दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता पर निदान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here