देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र का आज आगाज हो गया है। 8 फरवरी तक चलने वाले इस विधानसभा सत्र के पहले दिन आज दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को याद किया गया। तथा आज अन्य कोई विधायी कार्य नहीं हुआ। कल सदन की कार्यवाही पूरे दिन चलेगी तथा कल मुख्यमंत्री धामी द्वारा सदन पटल पर यूसीसी बिल रखा जाएगा। जिस पर प्रदेश ही नहीं पूरे देश की निगाहें लगी हुई है।
आज सुबह तय कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू हुई। जिसके बाद दिवंगत विधानसभा सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। मंगलौर से बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित सभी सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सरवत करीम अंसारी के साथ—साथ तीन अन्य पूर्व विधायको को जो अब हमारे बीच नहीं रहे हैं उन्हें भी विधानसभा सदस्यों ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर याद किया इनमें मोहन सिंह रावत गांव वासी, नरेंद्र सिंह और धनीराम नेगी को भी सभी सदस्यों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गयी। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है।